The Voice of Bareilly since 2010

गौशालाओं में हरे चारे और बारिश से बचाव की हो पूरी व्यवस्था : धर्मपाल सिंह

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह

बरेलीलाइव@bareillynews:पशुधन मंत्री बोले- प्रदेश की गौशालाओं में 13 लाख गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था, प्रतिदिन करीब 8 करोड़ रुपये हो रहे खर्च

बरेली। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन में पशुधन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरेली मंडल में गोवंश संरक्षण, गौशालाओं की व्यवस्थाओं, चारे की उपलब्धता, टीकाकरण और बारिश के दौरान गोवंश की सुरक्षा समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। बैठक के बाद मंत्री ने प्रेस वार्ता कर सरकार की प्राथमिकताओं और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपनी बात रखी।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता है कि कोई भी गोवंश भूखा न रहे, खुले में न घूमे और किसानों के खेतों व सड़कों पर दिखाई न दे। इसके लिए प्रदेशभर में गौशालाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 7,500 गौशालाओं में लगभग 13 लाख गोवंश के संरक्षण की व्यवस्था सरकार द्वारा की जा रही है। इनके भरण-पोषण पर प्रतिदिन करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बरेली मंडल की गौशालाओं में बरसात के दौरान गोवंश को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौशालाओं में हरे चारे की उपलब्धता पर जोर

पशुधन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशालाओं में हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए गोचर भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराकर वहां हरा चारा उगाने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में गोवंश के लिए चारा, पानी, छाया और बारिश से बचाव समेत सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए।

संचारी रोगों की रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान

धर्मपाल सिंह ने कहा कि गोवंश को संचारी रोगों से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान को प्राथमिकता दी जा रही है। वर्तमान में मुंहपका-खुरपका रोग (एफएमडी) के खिलाफ टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा लंपी स्किन डिजीज जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर से शुरू किए गए अभियान के माध्यम से बीमारी की रोकथाम की गई है। वहीं पूर्वांचल में आजमगढ़ समेत अन्य जिलों में भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

पशुधन मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गौशालाओं को धीरे-धीरे आत्मनिर्भर बनाना है। कई गौशालाएं इस दिशा में आगे बढ़ रही हैं। गाय के दूध के साथ-साथ गोबर से उपयोगी उत्पाद तैयार कर आय बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गौशालाओं में संरक्षित गोवंश की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी स्तर पर समझौता न हो तथा उनकी सभी मूलभूत जरूरतों की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए।

छात्र हित सरकार की प्राथमिकता : धर्मपाल

प्रेस वार्ता के दौरान छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर भी धर्मपाल सिंह ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार में छात्र-छात्राओं का हित प्राथमिकता में है। छात्र देश का भविष्य हैं और उनके हितों की अनदेखी नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी गलती करेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बोले- जाति की राजनीति करने वाली पार्टियों का जनाधार हुआ कमजोर

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर धर्मपाल सिंह ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में अपनी जमीन तलाशती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि जाति की राजनीति करने वाली पार्टियों का जनाधार लगातार कमजोर हुआ है।

समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फार्मूले पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इससे भी उसे राजनीतिक लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की नीति “न्याय सबको, तुष्टिकरण किसी का नहीं” है। जो भी गलती करेगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, नवाबगंज विधायक डॉ. एम.पी. आर्य, मेयर डॉ. उमेश गौतम सहित बरेली मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे। बैठक में अधिकारियों को पशु कल्याण और जनहित से जुड़े कार्यों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!