May 16, 2024

The Voice of Bareilly

योगी आदित्यनाथ को मठ भेजने की बात करने वालों पर अब बरसेंगे लठ : अपर्णा यादव

अपर्णा बिष्ट यादव

अपर्णा बिष्ट यादव

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक एवं संरक्षक मुलायम सिंह यादव की छोटी पुत्रवधू अपर्णा बिष्ट यादव ने औरैया के बिधूना में एक कार्यक्रम के दौरान सपा पर बड़ा हमला किया। कहा, विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मठ भेजने की बात करने वालों पर अब लठ बरसेंगे।

विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान भाजपा में शामिल होने वाली अपर्णा अब सपा के खिलाफ काफी मुखर हैं। विधान परिषद के चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जोरदार प्रचार किया था। इस दौरान भी वह सपा नेताओं पर लगातार हमले करती रही थीं। अपने आक्रामक तेवर को जारी रखते हुए अपर्णा ने कहा कि चुनाव से पहले जब भाजपा वह शामिल हुईं तो लोग इंटरनेट मीडिया और ट्विटर पर बोल रहे थे कि हमने संन्यासी को मठ भेजने की तैयारी कर दी है। अब मैं इन लोगों को बता दूं कि भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो अब इन सभी लोगों पर लठ बजाने का काम करेंगे।

अपर्णा शुक्रवार को अपने पति प्रतीक यादव की ननिहाल औरैया में थीं। यहां पर उन्होंने अपने भाजपा में शामिल होने के बारे में विस्तार से बताने के साथ ही योगी आदित्यनाथ के खिलाफ तमाम तरह का अनर्गल प्रचार करने वालों पर भी हमला बोला। कहा, सिर्फ भाजपा ही राष्ट्रवादी पार्टी है जो राष्ट्र के हित और उसके विकास के बारे में काम करती है। भाजपा के हर कार्यकर्ता को पार्टी में सम्मान मिलता है। पार्टी सभी का ध्यान रखती है, पार्टी ही कार्यकर्ता का परिवार है।

अपर्णा ने कहा कि उनके सभी जानने वाले उनसे बार-बार पूछते है कि आपने भाजपा को क्यों वरीयता दी तो खुले दिल से बता दूं कि जब तक मेरे शरीर में प्राण है, जब तक मेरे शरीर में खून का एक कतरा भी बह रहा है, मैं भाजपा में ही रहूंगी।

गौरतलब है कि औरैया जिले के बिधूना कस्बा न केवल अपर्णा के पति प्रतीक यादव की ननिहाल है बल्कि बिधूना के पूर्व विधायक प्रमोद गुप्ता उनके मौसा हैं।