श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर; सीसीटीवी कंट्रोल रूम से लेकर गंगा घाटों तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बरेली@bareillylive:बरेली/अमरोहा। कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक राजकीय तिगरी गंगा मेला-2026 को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा और पुलिस उपमहानिरीक्षक, मुरादाबाद परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी ने अमरोहा के पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के साथ मेला परिसर का औचक निरीक्षण किया। वहीं, बरेली में एसपी सिटी चिराग जैन ने चौबारी मेले की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गंगा घाटों से कंट्रोल रूम तक परखी सुरक्षा व्यवस्था
तिगरी मेला परिसर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा के विभिन्न घाटों, पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन व्यवस्था, मेला कोतवाली और कंट्रोल रूम का जायजा लिया। सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली गई। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे श्रद्धालुओं के साथ शालीनता, संवेदनशीलता और सेवाभाव से पेश आएं।
अधिकारियों ने मेला परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर जोर दिया। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
24 घंटे अलर्ट रहेंगी आपदा प्रबंधन टीमें
गंगा स्नान के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए। रेस्क्यू बोट, लाइफ जैकेट और अग्निशमन वाहनों को मेले के दौरान 24 घंटे क्रियाशील रखने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अफवाह फैलाने वाली खबरों पर लगातार निगरानी रखने और उनका तत्काल खंडन करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, क्षेत्राधिकारी नौगावां सादात अवधभान सिंह भदौरिया, क्षेत्राधिकारी हसनपुर पंकज कुमार त्यागी, क्षेत्राधिकारी धनौरा अंजली कटारिया, मेला प्रभारी निरीक्षक बालेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
एसपी सिटी ने चौबारी मेले की तैयारियों का लिया जायजा
उधर, बरेली में एसपी सिटी चिराग जैन ने चौबारी मेले का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा, सुविधा तथा सुगम आवागमन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं।
उन्होंने मेले के दौरान पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर जोर दिया। इस दौरान सीओ नगर प्रथम आशुतोष शिवम, थाना सुभाषनगर के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
25 नवंबर तक चलेगा तिगरी मेला
राजकीय तिगरी गंगा मेला-2026 का आयोजन 15 से 25 नवंबर तक किया जा रहा है। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मुख्य गंगा स्नान होगा। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता, चिकित्सा और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटा है।

Leave a Reply