The Voice of Bareilly since 2010

बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा त्रिवटीनाथ मंदिर, सावन के पहले सोमवार उमड़ा आस्था का सैलाब

बरेलीलाइव@कछला गंगा घाट से जल लाकर हजारों शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

बरेली। सावन के पहले सोमवार पर ऐतिहासिक त्रिवटीनाथ मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह तीन बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। पूरा मंदिर परिसर “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

हजारों शिवभक्त कछला गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेकर मंदिर पहुंचे और भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने शहद, दूध, दही, बेलपत्र, भांग, धतूरा, काले तिल, फल एवं बर्फी सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कर भोलेनाथ की आराधना की। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि, समाज में शांति और देश की खुशहाली की कामना की।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और मंदिर समिति ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मंदिर से जुड़े संजीव औतार ने बताया कि त्रिवटीनाथ मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले यहां घना जंगल हुआ करता था और इसी स्थान पर भगवान शिव स्वयं प्रकट हुए थे। इसी मान्यता के कारण सावन माह में दूर-दूर से हजारों श्रद्धालु यहां जलाभिषेक और दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!