The Voice of Bareilly since 2010

छिनैती के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

छिनैती के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

bareillylive@bareillynews:बरेली। मीरगंज थाना पुलिस ने छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, छिनैती के 9,500 रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई की रात रम्पुरा जाटान निवासी निर्देव कुमार जनसेवा केंद्र से घर लौट रहे थे। दुलीराम इंटर कॉलेज के पास बाइक सवार दो बदमाश उनके कंधे से रुपये से भरा बैग झपटकर फरार हो गए थे। मामले में मीरगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

मंगलवार रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बलूपुरा चौराहे के पास दो संदिग्ध किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में शिवपुरी निवासी रवि (26) के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं, मालीपुरा निवासी विक्की (19) को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घायल रवि को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। पूछताछ में दोनों ने छिनैती की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!