The Voice of Bareilly since 2010

दादा मियां दरगाह पर उर्स का आगाज़,अकीदतमंदों की उमड़ी भीड़

आंवला (बरेली), २५ मार्च। आंवला के गांव दरावनगर स्थित दरगाह दादा मियां (सय्यद उमर मियां रहमतुल्लाह अलैह) पर हर वर्ष की भांति इस बार भी ५९वां उर्स मुबारक बड़ी धूमधाम और एहतराम से मनाया गया। २३, २४ और २५ मार्च को आयोजित इस तीन दिवसीय उर्स में दूर-दूर से हिंदू-मुस्लिम अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी।

दरगाह गद्दी नशीन सैयद कमर मियां मुल्जिम मियां ने जायरीनों के साथ इबादत की और सबको भाईचारे का संदेश दिया। दरगाह की ओर से सभी आने वाले जायरीनों के खाने-पीने और ठहरने की व्यवस्था की गई। यहां सभी धर्मों की आस्था जुड़ी हुई है, लोग माथा टेककर मन्नतें मांगते हैं।

इस उर्स में हिंदुस्तान के मशहूर क़व्वाल दिलबर सुल्तानी और नैनीताल से मासूम सुल्तानी ने शिरकत की। उन्होंने सूफियाना कलाम, नातिया और कलाम पेश कर माहौल को रौनक प्रदान की। लोग क़व्वालियों पर झूम उठे। बाहर से आने वाले अकीदतमंदों ने बताया कि यहां आने से उनकी मुश्किलें दूर हो जाती हैं और मुरादें पूरी होती हैं।

सुबह कुल शरीफ के बाद जायरीन अपने घरों को लौटे। महिलाएं, बच्चे और पुरुष सभी अपनी सवारियों से उर्स में शामिल हुए। रमजान के बाद शुरू होने वाला यह उर्स गंगा-जमुनी संस्कृति का बेहतरीन उदाहरण है। पुलिस प्रशासन और कमेटी की ओर से पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की गई।

error: Content is protected !!