The Voice of Bareilly since 2010

युवक की मौत के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

कैंट पुलिस ने बरेली सिटी जंक्शन के पास घेराबंदी कर पकड़ा

बरेली। कैंट थाना पुलिस ने युवक की मौत के मामले में वांछित चल रहे आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को बरेली सिटी जंक्शन के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के अनुसार, थाना कैंट में 4 जुलाई को सत्यपाल गोस्वामी निवासी बालाजी नगर, बदायूं रोड ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि उनके बेटे कुलदीप गोस्वामी के साथ मारपीट की गई और उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इससे परेशान होकर कुलदीप ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान आरोपी अमित कुमार पुत्र गंगाराम, निवासी आजाद मोहल्ला सदर, थाना कैंट, बरेली वांछित चल रहा था। विवेचक को सूचना मिली कि आरोपी बरेली सिटी जंक्शन के पास आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है। बहन की शादी को लेकर था विवाद
पुलिस द्वारा जारी पूछताछ के विवरण के अनुसार, अमित कुमार ने बताया कि उसकी बहन गुंजा की शादी 15 अप्रैल को कुलदीप से हुई थी। दोनों के बीच विवाद रहता था और गुंजा अक्सर मायके में रहती थी। अमित के अनुसार, वह और उसकी दूसरी बहन रीना गुंजा को ससुराल भेजने के पक्ष में नहीं थे और कुलदीप से अलग होने के लिए कहते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 3 जुलाई को कुलदीप उनके घर आया था, लेकिन घर का दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद उसने घर के सामने जहरीला पदार्थ खा लिया। आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसे अंदाजा नहीं था कि कुलदीप ऐसा कदम उठा लेगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रतीक तोमर, हेड कांस्टेबल शकील अहमद, कांस्टेबल हर्ष सैनी और कांस्टेबल रोहित राणा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!