The Voice of Bareilly since 2010

पथराव में ईंट लगने से महिला की मौत,एक आरोपी गिरफ्तार

बरेली। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के ब्रह्मपुरा, जाटवपुरा में पड़ोसियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 60 वर्षीय मारूफ बेगम पत्नी मोबीन खान की ईंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में नदीम की किराने की दुकान है, जिसके ठीक सामने मारूफ बेगम का घर है। मारूफ बेगम का बेटा इमरान घर के सामने सब्जी की दुकान लगाता है, जहां उसने गुटखा, बीड़ी-सिगरेट आदि भी रखना शुरू कर दिया था। इसी बात को लेकर सामने के दुकानदार नदीम और उसके परिवार को आपत्ति थी, जिससे दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था।

बताया जा रहा है कि बीते दिन नदीम के पुत्र अरसल ने इमरान के साथ गाली-गलौज की। इस पर इमरान अपने परिजनों के साथ शिकायत करने नदीम के घर पहुंचा, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद जब इमरान अपने घर लौटा तो आरोप है कि नदीम पक्ष के लोग नदीम , अजीम , तस्लीम , कलीम , अरसल, समीर उसके घर पहुंच गए और हमला कर दिया। इस दौरान जमकर पथराव हुआ और नदीम घर के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की गई।

परिजनों के मुताबिक, हमले के दौरान जब परिवार के लोग अंदर छिप गए तो आरोपियों ने किवाड़ तोड़ दिए और घर में घुसकर मारपीट जारी रखी। इसी बीच बाहर खड़ी मारूफ बेगम के ईंट मार दी गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद भी हमलावरों ने काफी देर तक परिजनों को उन्हें अस्पताल ले जाने नहीं दिया। जब किसी तरह अस्पताल पहुंचाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि पड़ोसी उनकी दुकान से जलते थे और लगातार विवाद करते रहते थे। उसने बताया कि घटना में नदीम, अजीम, तसलीम, कलीम, समीर और अर्शिल समेत कई लोग शामिल थे, जिन्होंने मिलकर हमला किया और घर में तोड़फोड़ की। परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!