The Voice of Bareilly since 2010

लखपति दीदी को करोड़पति बनाने की दिशा में करें काम: डीएम

लखपति दीदी को करोड़पति बनाने की दिशा में करें

स्वयं सहायता समूह गठन में तेजी लाने के निर्देश, लक्ष्य को माहवार बांटकर समयबद्ध कार्ययोजना बनाने को कहा

bareillylive@bareillynews:बरेली, 30 अगस्त। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें लखपति महिला कार्यक्रम और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम ने बताया कि लखपति महिला कार्यक्रम के तहत जनपद बरेली में 1,23,762 स्वयं सहायता समूह सदस्य महिलाओं की आय में सम्मानजनक वृद्धि करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि एवं गैर-कृषि आधारित आजीविका के माध्यम से महिलाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त किया जाना है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 26,883 स्वयं सहायता समूहों के गठन का लक्ष्य मिला है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्ष्य को माहवार विभाजित करते हुए कार्ययोजना तैयार करें और उसी के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने सचिवों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा खराब प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

पंचायत सहायकों और कोटेदारों को अभियान से जोड़ने के निर्देश

जिलाधिकारी ने डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम को सभी ब्लॉकों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने पंचायत सहायकों, कोटेदारों, सचिवों और एडीओ को भी अभियान से जोड़कर स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बीएमएम की दैनिक समीक्षा कर कमजोर प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

बैंक संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए लगेंगे विशेष शिविर

बैठक में नए और पुराने स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते नहीं खुलने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। भदपुरा और मीरगंज ब्लॉक में अधिक मामले लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समूहों को बैंकिंग सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक में विशेष शिविर आयोजित कर बैंक संबंधी समस्याओं का समाधान कराया जाए।

55,489 संभावित लखपति दीदियों की पहचान

पोटेंशियल लखपति दीदी के चिन्हीकरण की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 55,489 संभावित लखपति दीदियों की पहचान की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष चिन्हीकरण का कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा, “हमारी मंशा केवल लखपति दीदी बनाने की नहीं, बल्कि उन्हें करोड़पति दीदी बनाने की होनी चाहिए।” इसके लिए उन्होंने नवाचार आधारित आजीविका मॉडल विकसित करने तथा सखियों और सेक्टर अधिकारियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्थान और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर और प्रभावी ढंग से कार्य किया जाए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!