The Voice of Bareilly since 2010

सुपीरियर शराब फैक्ट्री में बॉयलर पर काम करते समय श्रमिक की मौत, हंगामा

bareillylive:bareillynews:सुपीरियर शराब फैक्ट्री में बॉयलर पर काम करते समय श्रमिक की मौत, हंगामा

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री में बुधवार को बॉयलर पर कार्य के दौरान एक श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है।


जानकारी के अनुसार बिशारतगंज थाना क्षेत्र के गांव धीरपुर निवासी सतपाल (लगभग 50 वर्ष) फैक्ट्री में बॉयलर सेक्शन में कार्यरत थे। कार्य के दौरान अचानक हादसा हो गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग फैक्ट्री पहुंच गए।


मृतक के परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री में कर्मचारियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा उपकरण और आवश्यक सावधानियां उपलब्ध होतीं तो यह हादसा टाला जा सकता था। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा उचित मुआवजा देने की मांग की है।


घटना की सूचना पर सीबीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है तथा श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!