भारतीय वायुसेना जुलाई में करेगी साल का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास, राफेल भी दिखाएगा दमखम

नई दिल्‍ली। भारतीय वायुसेना जुलाई में इस साल का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास करेगी जिसमें राफेल लड़ाकू विमान भी अपनी ताकत और मारक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इस युद्धाभ्यास को “गरुड़ 6 युद्धाभ्यास” नाम दिया गया है और यह दो सप्ताह चलेगा।

भारत और फ्रांस की वायुसेनाओं के इस संयुक्त युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना के पास पहले से मौजूद सुखोई-30 लड़ाकू विमान का दमखम फ्रांस में बने राफेल के साथ आजमाया जाएगा। इस तरह भारतीय वायुसेना अपने मौजूदा और भविष्य के हथियारों को एक साथ परख सकेगी। गौरतलब है कि भारत और फ्रांस ने वर्ष 1998 में एक रणनीतिक साझेदारी के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। तब से दोनों देशों की सेनाएं साझा सैनिक अभ्यास करती रहती हैं।

जुलाई के पहले सप्ताह में शुरू होने वाले इस युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना के लगभग 10 सुखोई 30 युद्धक विमानों के अलावा हवा में ही विमान में ईंधन भरने वाला टैंकर IL-78 और IL 76 अवाक्स और 150 से ज्यादा अधिकारी शामिल होंगे। गरुड़ अभ्यास की शुरुआत 2003 में ग्वालियर एयरबेस से हुई थी। इसके बाद कई बार ये अभ्यास भारत और फ्रांस में हो चुका है। इस अभ्यास से भारतीय वायुसेना को दुनिया की बेहतरीन वायुसेना मानी जाने वाली फ्रांस की वायुसेना के काम करने के ढंग और उपकरणों से सीखने का मौका मिलता है।

गौरतलब है कि भारत  फ्रांस से 36 राफेल युद्धक विमान खथरीद रहा है। इन लड़ाकू विमानों के इसी साल भारत आ जाने की उम्मीद है।

error: Content is protected !!