The Voice of Bareilly since 2010

ZyCOV-D : सितंबर में शुरू हो जाएगी बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन की आपूर्ति

नई दिल्ली। बारह साल से ऊपर के बच्चों के लिए तैयार स्वदेशी कोरोना वैक्सीन ZyCov-D की आपूर्ति सितंबर में शुरू हो जाएगी। साथ ही आने वाले सप्ताह में इसकी कीमत भी स्पष्ट हो जाएगी। केंद्र सरकार ने एक दिन पहले ही इस कोरोना वैक्सीन के आपात इस्तेमाल मंजूरी दी है। कोवैक्सीन, कोविशील्ड, स्पुतनिक वी और मॉडर्ना के बाद इसे पांचवीं वैक्सीन के तौर पर आपात इस्तेमाल की मंजूरी मिली है।

जायडस कैडिला ग्रुप (Zydus Group) के प्रबंध निदेशक डॉ शर्विल पटेल ने शनिवार को बताया, “ZyCOV-D वैक्सीन की कीमत अगले सप्ताह तक बता दी जाएगी। वैक्सीन की सप्लाई सितंबर मध्य से शुरू होगी। नए प्रोडक्शन प्लांट में अक्टूबर से हम एक करोड़ तक वैक्सीन का उत्पादन कर सकेंगे।”

भारत में बच्चों की पहली वैक्सीन

जायडस कैडिला ने जुलाई में अपनी कोरोना वैक्सीन ZyCoV-D के इमरजेंसी इस्तेमाल के लिए ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) से मंजूरी मांगी थी जो अब मिल गई है। यह दुनिया की पहली डीएनए (DNA) आधारित वैक्सीन होगी जो 12 से 18 साल के लोगों को दी जाएगी।

ZyCoV-D निडल फ्री वैक्सीन होगी और जेट इंजेक्टर से लगेगी। इस वैक्सीन के तीन डोज होंगे। पहले डोज के 28 दिन बाद दूसरा और 58 दिनों बाद तीसरा डोज दिया जाएगा। इस वैक्सीन के ट्रायल के बाद आए नतीजों में कोरोना संक्रमण रोकने में यह 66.6 प्रतिशत प्रभावी पाया गया है। जायडस कैडिला का दावा है कि यह वैक्सीन कोरोना के डेल्टा वैरिएंट पर भी प्रभावी है। जायकोव-डी के फेज-3 ट्रायल 28,000 लोगों पर किए गए थे। इनमें 1000 ऐसे थे, जिनकी उम्र 12-18 साल थी।

error: Content is protected !!