FASTag को लेकर बड़ा ऐलान! अब 3,000 रुपये में मिलेगा एनुअल-पास, जानें कब से होगा लागू

#FASTag, अब 3,000 रुपये में मिलेगा एनुअल-पास, #FASTagannualpass,

नयी दिल्ली। अब आपको एक टोल नाका पार करने पर 100-150 नहीं केवल औसतन 15 रुपये प्रति टोल खर्च करना होगा। बस! इसके लिए आपको वार्षिक टोल पास बनवाना होगा, जिसकी सदस्यता एक साल के लिए तीन हजार रूपये में मिलेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ’X’ के माध्यम से वार्षिक फास्टैग पास शुरू करने की घोषणा की है।

बता दें कि लंबे समय से सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा देशभर में एक नई टोल नीति लागू करने की बात की जा रही थी। इसके तहत टोल प्लाजाओं पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई नए कदम उठाए जाने थे। आइए! जानते हैं कि यह पास कब से लागू होगा, इसे कैसे प्राप्त किया जा सकता है, और इसके लिए क्या शर्तें होंगी।

वार्षिक फास्टैग पास की घोषणा

नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पर बताया कि देशभर में वार्षिक फास्टैग पास की शुरुआत की जा रही है। इस पास के लिए उपयोगकर्ताओं को केवल 3,000 रुपये का एकमुश्त भुगतान करना होगा, जिसके बाद यह पास जारी हो जाएगा। सरकार के अनुसार, यह पास सक्रिय होने के बाद 1 वर्ष या 200 यात्राओं (जो पहले पूरा हो) तक वैध रहेगा। यदि 200 यात्राएं समय से पहले पूरी हो जाती हैं, तो उपयोगकर्ता को पास को नवीनीकृत करना होगा।

“15 अगस्त 2025 से एक ऐतिहासिक कदम के तहत 3,000 रुपये की लागत वाला फास्टैग आधारित वार्षिक पास शुरू किया जाएगा। यह पास सक्रिय होने की तारीख से एक साल या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले हो, मान्य रहेगा।”

कौन से वाहनों को मिलेगा यह पास?

यह पास विशेष रूप से निजी, गैर-वाणिज्यिक वाहनों जैसे कार, जीप, और वैन के लिए बनाया गया है। यह राष्ट्रीय राजमार्गों पर लागू होगा, लेकिन वाणिज्यिक वाहनों के लिए उपलब्ध नहीं होगा।

क्या होगा फायदा

सरकार इस पास को उपयोगकर्ताओं के लिए आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके लिए जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग यात्रा ऐप और NHAI/MoRTH की आधिकारिक वेबसाइटों पर एक विशेष लिंक शुरू किया जाएगा, जहां उपयोगकर्ता पास को सक्रिय या नवीनीकृत कर सकेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह नई नीति 60 किलोमीटर के दायरे में स्थित टोल प्लाजाओं से जुड़ी समस्याओं को हल करेगी और एक ही लेनदेन से टोल भुगतान को सरल बनाएगी। यह पास उपयोगकर्ताओं को बार-बार फास्टैग रिचार्ज करने की परेशानी से भी बचाएगा।

वार्षिक फास्टैग पास की मुख्य विशेषताएं

  • शुरूआत: 15 अगस्त 2025 से
  • लागत: 3,000 रुपये
  • वैधता: 1 वर्ष या 200 यात्राएं (जो पहले हो)
  • सक्रियण: NHAI/MoRTH वेबसाइट या ऐप के माध्यम से
  • लागू: केवल निजी वाहनों पर
  • लाभ: कम प्रतीक्षा समय और टोल प्लाजाओं पर कम विवाद

नहीं करना होगा इंतजार

इस पास के लागू होने से राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल प्लाजाओं पर प्रतीक्षा समय कम होगा, जिससे भीड़ और विवादों में कमी आएगी। यह नीति लाखों निजी वाहन चालकों के लिए तेज, सुगम, और बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करेगी।

error: Content is protected !!