May 16, 2024

The Voice of Bareilly

देश में कोरोना संक्रमण के 2.5 लाख नये मामले, 614 लोगों की मौत

corona infection

corona infection

नयी दिल्लीः देश में लगातार चौथे दिन नये कोरोना संक्रमण केस घटे हैं लेकिन हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। सोमवार को 2,55,874 नये कोरोना संक्रमित मिले। इस दौरान 2.67 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 614 लोगों की मौत हुई है। इस तरह रविवार के मुकाबले नये संक्रमितों में करीब 50 हजार (16.39%) की कमी आयी। देश में फिलहाल कुल एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 22.36 लाख है। रविवार को पॉजिटिविटी रेट 20.7% था जो सोमवार को घटकर 15.5% हो गया।

रविवार को देश में 3,06,064 नये कोरोना संक्रमित मिले थे। इस दौरान 2.43 लाख लोग ठीक हुए, जबकि 439 लोगों की मौत हुई थी। वहीं शनिवार को 3,33,533 नए कोरोना संक्रमित मिले थे। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को 3.37 लाख संक्रमित मिले थे और गुरुवार को 3.47 लाख लोग संक्रमित मिले थे।

इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि हम जल्द ही कोरोना प्रतिबंधों को हटाएंगे। दिल्ली में 100% लोगों को पहली डोज दी जा चुकी है जबकि 82% लोगों को दूसरी डोज दी गयी है। बूस्टर डोज भी बहुत तेजी से लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में आज पॉजिटिविटी रेट करीब 10% है। पिछले 10 दिन में पॉजिटिविटी रेट में 20% की कमी आई है। 15 जनवरी को पॉजिटिविटी रेट 30% दर्ज किया गया। बड़ी संख्या में लोगों के वैक्सीनेटेड होने की वजह से राजधानी में केस कम हुए हैं।

15 फरवरी के बाद घटने लगेगा संक्रमणः केंद्र सरकार

इस बीच केंद्र सरकार ने कहा है कि कोविड के रोजाना के मामलों में 15 फरवरी के बाद गिरावट आने लगेगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक कुछ राज्यों और मेट्रो सिटी में 15 फरवरी के बाद केस कम होंगे और संक्रमण में स्थिरता आने लगेगी। वैक्सीनेशन के चलते तीसरी लहर का असर काफी कम हो गया है।