INX मीडिया केस में पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम गिरफ्तार, CBI के लॉकअप में कटेगी रात

नई दिल्ली। आईएनएक्स मीडिया मामले में गिरफ्तारी के खतरे का सामना कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी.चिदंबरम ने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता की और खुद को निर्दोष बताया। लेकिन करीब दो घंटे चले ड्रामे के बाद आखिरकार सीबीआई टीम ने चिदंबरम को गिरफ्तार कर लिया। यहां से चिदंबरम को सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया।  

प्रेस कांफ्रेंस में कहा- झूठ फैलाया जा रहा है

इससे पहले कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद और विवेक तन्खा मौजूद रहे।पत्रकारों को संबोधित करते हुए चिदंबरम ने कहा, “मेरा मानना है कि लोकतंत्र की नींव स्वतंत्रता है, संविधान का सबसे मूल्यवान अनुच्छेद, अनुच्छेद 21 है जो जीवन और स्वतंत्रता की गारंटी देता है। अगर मुझे जीवन और स्वतंत्रता के बीच चयन करने के लिए कहा जाएगा, तो मैं स्वतंत्रता को चुनूंगा।” 

पी चिदंबरम ने कहा, “पिछले 24 घंटों में बहुत कुछ हुआ है, जिससे कुछ लोगों को चिंता हुई है और कई को भ्रम हुआ है। आईएनएक्स मीडिया मामले में, मुझ पर किसी भी अपराध का आरोप नहीं लगाया गया है और न ही मेरे परिवार के किसी अन्य सदस्य पर है। ईडी या सीबीआई द्वारा सक्षम अदालत के सामने कोई चार्जशीट दायर नहीं की गई है। मुझे फंसाया गया है। 

चिदंबरम ने कहा, ‘‘आईएनएक्स मीडिया मामले में मैं किसी अपराध का आरोपी नहीं हूं। प्राथमिकी में भी यह नहीं कहा गया है कि मैंने कुछ गलत किया। इन सबके बावजूद ऐसी धारणा पैदा की जा रही है कि बड़ा अपराध हुआ है और मैं और मेरे बेटे ने अपराध किया है। सब झूठ फैलाया जा रहा है।‘‘ 

पी चिदंबरम ने कहा, “मैं इस बात से चौंक गया कि मुझ पर कानून से छिपने का आरोप लगाया जा रहा था, जबकि इसके उलट, मैं कानून की सुरक्षा की मांग कर रहा था। मेरे वकील बता रहे हैं कि शुक्रवार को मामलों को सूचीबद्ध किया जाएगा। मैं सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को नमन करता हूं। मैं कानून का सम्मान करता हूं भले ही यह जांच एजेंसियों द्वारा असमानता से लागू किया गया हो।” 

दीवार फांदकर घर में घुसी सीबीआई 

इसके बाद वह जोरबाग स्थित घर पहुंच गए। उनके पीछे पीछे सीबीआई टीम भी उनके घर पहुंची और दीवार फांदकर अंदर पहुंची। यहां दो घंटे तक जमकर ड्रामा हुआ।

error: Content is protected !!