कर्नाटक : निर्वाचन अधिकारियों ने राहुल और अमित शाह के विमानों की तलाशी ली

बेंगलूरू।  कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रमुख अमित शाह के हुबली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मंगलवार को  निर्वाचन अधिकारियों ने इनके विमानों की तलाशी ली। कर्नाटक में 12 मई को होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार के सिलसिले में ये दोनों नेता कर्नाटक आए थे। तलाशी अभियान में जिला स्तर के तीन अधिकारी शामिल थे।

टीम ने आकस्मिक तलाशी ली

अधिकारियों ने बताया कि कर्नाटक में मुक्त एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के मद्देनजर निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया गया। धारवाड़ जिला के उपायुक्त एस बी बोम्मनाहल्ली ने बताया, ‘आयोग( निर्वाचन) के नोडल अधिकारी करपले के नेतृत्व में टीम ने आकस्मिक तलाशी ली। राहुल गांधी एवं अमित शाह जिन विमानों से पहुंचे, हमने उनकी तलाशी ली। इसके पीछे कोई नीहित मंशा नहीं थी। ‘

शाह और राहुल अलग-अलग विमानों से पहुंचे हुबली एयरपोर्ट

शाह और राहुल नई दिल्ली से अलग-अलग विमानों से हुबली एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पहुंचते ही चुनाव नोडल अधिकारी करपले एवं हीरे गौड़ा तथा योगानंद के नेतृत्व में टीम ने उनके विमानों की तलाशी ली और चुनाव आचारसंहिता के संभावित उल्लंघन की जांच की। तलाश अभियान पूरा होने के बाद गौड़ा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘ हमें उनके सामान में कुछ नहीं मिला। शाह के साथ दो और लोग थे। हमने उनके नामों की जांच नहीं की। ’’

साभार भाषा
error: Content is protected !!