गुरदासपुर में आतंकी रावी नदी के जरिये पाकिस्‍तान से आए थे: राजनाथ

rajnath1नई दिल्‍ली। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि गुरदासपुर में हमला करने वाले आतंकवादी रावी नदी के जरिये पाकिस्तान से आए थे। राजनाथ सिंह ने जीपीएस से मिले संकेतों का हवाला देते हुए गुरुवार को राज्यसभा में बयान दिया।

उन्‍होंने कहा कि भारत की सुरक्षा को कमतर करने वाले लोगों को माकूल जवाब देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। सीमापार से चलाई जा रही सभी आतंकवादी गतिविधियों को रोकने के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी।

राजनाथ सिंह ने पंजाब के गुरदासपुर में सोमवार को हुए आतंकवादी हमले के संबंध में जैसे ही अपना बयान देना शुरू किया, कांग्रेस के सदस्य आसन के समक्ष आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस के साथ साथ जदयू के सदस्य भी आसन के समक्ष आ गए।

कांग्रेस के सदस्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजग सरकार के खिलाफ नारे लगा रहे थे वहीं भाजपा के सदस्य भी जवाबी नारे लगा रहे थे। राजनाथ सिंह ने हंगामे के बीच ही अपना बयान पढ़ा। हंगामे को देखते हुए कुरियन ने करीब सवा दो बजे बैठक दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

एजेन्सी

error: Content is protected !!