महेसाणा हिंसा : राजनाथ ने गुजरात की मुख्यमंत्री से बात की

rajnath-singhनई दिल्ली, 17 अप्रैल। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने महेसाणा नगर में झड़पों की खबरों के मद्देनजर रविवार को गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल से बात की। आनंदीबेन ने सिंह को वहां की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान गृह मंत्री सिंह ने गुजरात के महेसाणा जिले में स्थिति का जायजा लिया जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प हो गई थी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आनंदीबेन ने सिंह को स्थिति नियंत्रित करने और शांति बनाये रखने के लिए राज्य सरकार की ओर से उठाये जाने वाले कदमों के बारे में जानकारी दी।

ajmera institute of media studies, bareillyगुजरात के महेसाणा नगर में रविवार को कर्फ्यू लगा दिया गया और मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई क्योंकि पटेल समुदाय की आरक्षण की मांग और जेल में बंद नेताओं को तत्काल रिहा करने की मांग को लेकर आयोजित एक बड़ी रैली हिंसक हो गई। इस दौरान दो इमारतों को आग लगा दी गई और कुछ पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया।

 पुलिस ने बताया कि भारतीय खाद्य निगम के एक गोदाम और एक जिला कार्यालय को आग लगा दी गई। इस सिलसिले में पांच व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इन घटनाओं में पांच पुलिसकर्मी और दो अधिकारियों को चोटें आयीं। आंदोलनकारियों ने दावा किया कि पुलिस कार्रवाई में उनके 25 समर्थक घायल हो गए।

पटेल आंदोलनकारी सरदार पटेल ग्रुप (एसपीजी) की ओर से घोषित ‘जेल भरो’ आंदोलन के तहत मोढेरा चौराहे पर एकत्रित हुए थे। इस घटना ने पटेल समुदाय के आरक्षण आंदोलन के पुनर्जीवित होने की आंशकाएं उत्पन्न हो गई।

इस बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कहा कि गुजरात से कुछ सूचनाएं आयी हैं लेकिन केंद्र सरकार एक विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘गुजरात सरकार उस पर काम कर रही है।’

एजेन्सियां
error: Content is protected !!