May 14, 2024

The Voice of Bareilly

देश में कोरोना की बेकाबू रफ्तार, 24 घंटे में 1.93 लाख नये केस

corona infection

corona infection

नयी दिल्लीः देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बेकाबू जैसी होती जा रही है। इसको ऐसे समझा जा सकता है कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1.93 लाख नये पॉजिटिव केस मिले हैं जबकि इससे पहले के 24 घंटे में 1.69 लाख लोग संक्रमित मिले थे, यानि करीब 25 हजार अधिक। इसी के साथ देश में एक्टिव केस में भी 1.32 लाख की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 9 लाख के पार पहुंचे हैं। देश में अब कुल 3.60 करोड़ लोग कोविड संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जिनमें से 3.46 करोड़ लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक 4 लाख 84 हजार 655 लोगों की मौत हो चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बुधवार को सभी राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से ऑक्सीजन की अधिकतम उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को भी बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश भर में अब तक ओमिक्रॉन के 4,868 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 11.05 प्रतिशत दर्ज की गई।

आठ राज्य बने हुए हैं परेशानी का सबब

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को ही बताया कि कोरोना की इस लहर के दौरान 8 राज्य परेशानी का सबब बने हुए हैं, जहां पॉजिटिविटी रेट हाई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि इन राज्यों में महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और गुजरात शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा 32.18% पॉजिटिविटी रेट पश्चिम बंगाल में है। इसके बाद दिल्ली में 23.1% और महाराष्ट्र में ये दर 22.39% है।