ईडन गार्डंस पर होगा 2016 टी20 विश्व कप फाइनल

 edan gardenनई दिल्ली, 21 जुलाई। अगले साल 11 मार्च से तीन अप्रैल तक भारत के आठ शहरों में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप का फाइनल कोलकाता के ईडन गार्डंस पर खेला जायेगा । मैच बेंगलूरू, चेन्नई, धर्मशाला, मोहाली, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली और कोलकाता में होंगे ।

चार साल पहले भारत में हुए विश्व कप के दौरान कोलकाता में कोई बड़ा मैच नहीं खेला गया था । भारत और इंग्लैंड के बीच मैच बेंगलूर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था चूंकि आईसीसी ने पाया था कि ईडन गार्डंस पर मरम्मत का काम पूरा नहीं हुआ है । इससे पहले हालांकि ईडन गार्डंस पर 1987 रिलायंस कप फाइनल और 1996 विश्व कप सेमीफाइनल खेला गया था ।

बीसीसीआई ने कहा कि चुने हुए आयोजन स्थलों को मानदंडों पर खरा उतरना होगा । बोर्ड ने एक बयान में कहा ,‘‘ आईसीसी और बीसीसीआई के मानदंडों पर खरा उतरने के बाद ही इन स्थानों पर मैच होंगे ।’’ भारत में टी20 विश्व कप पहली बार होने जा रहा है । भारत ने 2007 में पहला टी20 विश्व कप खेला था ।

टूर्नामेंट के बारे में बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने कहा ,‘‘ हम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के आयोजन से गौरवान्वित हैं । हमने इस घोषणा के साथ तैयारी शुरू कर दी है । हम इस टी20 विश्व कप को प्रतिभागियों और दर्शकों के लिये यादगार बनाना चाहते हैं ।’’

एजेन्सी
error: Content is protected !!