The Voice of Bareilly since 2010

शहर के मौसम में हुआ बदलाव, तेज आंधी-बारिश से गिरे पेड़ और यूनिपोल, बिजली व्यवस्था डगमगाई

Bareillylive : मंगलवार आज सुबह अचानक बदले मौसम ने शहर और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी। करीब साढ़े 10:30 बजे आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई हिस्सों में बड़े-बड़े पेड़, यूनिपोल और साइन बोर्ड गिरने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि कई इलाकों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।

तेज हवाओं के चलते सेटेलाइट पुल की सर्विस रोड, विकास भवन और शाहजहांपुर रोड पर कई विशाल पेड़ धराशायी हो गए। स्टेडियम के सामने खड़ी एक कार पेड़ की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई। मालियों की पुलिया के पास लगा बड़ा यूनिपोल तेज हवा का दबाव नहीं झेल सका और सड़क पर गिर पड़ा। वहीं कलेक्ट्रेट रोड पर लगा विशाल साइन बोर्ड झुक जाने से सड़क की एक लेन बंद करनी पड़ी, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

संजय नगर में पीपल का एक विशाल पेड़ दो मकानों पर गिर गया, जिससे भवनों को नुकसान पहुंचा और लोगों में दहशत फैल गई। आंधी और बारिश का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दिया। शहर और देहात के कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं खराब मौसम के चलते रेल यातायात भी प्रभावित होने की सूचना है। घटनाओं की जानकारी मिलते ही प्रशासन, वन विभाग और बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कर्मचारी गिरे हुए पेड़ों और अवरोधों को हटाने में जुटे रहे, ताकि यातायात और बिजली व्यवस्था को जल्द बहाल किया जा सके। फिलहाल अब बिजली व्यवस्था दुरुस्त कर दी गयी है।

बजरिया पूरन मल में मंदिर के पास की टिन तेज हवा से गिर गई। नगर निगम के सामने सब्जी मंडी में तार टूट कर जमीन पर गिरा। संजय नगर में पेड़ उखड़ कर घर पर गिरा। वर्षा से चाहवाई, गुलाब नगर, चुनना मियां मंदिर के सामने, बजरिया पूरन मल एवं कई जगह सीवर लाइन, नाले नाली उफन कर गंदा पानी घरों में बैक मार गया।

error: Content is protected !!