कारगिल विजय दिवस पर बहादुरों का सम्मान, इतिहासकार ने याद दिलाई कारगिल की गौरव गाथा
Bareillylive : मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में रविवार को कैंट स्थित कारगिल चौक पर कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और कारगिल युद्ध में शौर्य एवं निडरता का परिचय देने वाले जवानों का सम्मान किया गया। करगिल के बहादुर जांबाज सिपाही सूबेदार राम सिंह सहित कई फौजी सम्मानित किए गए।
सम्मानितों की सूची में कैप्टन जसवंत सिंह भाकुनी, कैप्टन राम लाल, सूबेदार अनिल सक्सेना, सूबेदार सुंदर लाल, धनंजय शर्मा और प्रमोद उपाध्याय शामिल रहे।
कार्यक्रम की शुरूआत मधु वर्मा ने राष्ट्रीय गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों” से की, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि भारत ने अपने बहादुर सैनिकों की निर्भीकता और अदम्य साहस के कारण कारगिल में विजय प्राप्त की। उन्होने सैनिकों के योगदान और देश की रक्षा में उनकी अनमोल भूमिका को याद करते हुए उनकी सराहना की।
अति विशिष्ट अतिथि कर्नल के.बी. पंत ने कहा कि कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को देश जीवनपर्यंत नमन करता रहेगा।
उन्होने कहा कि ऐसे त्योहार और कार्यक्रम देश के नागरिकों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करते हैं। समारोह में विशिष्ट अतिथि तथा इतिहासकार रणजीत पांचाले ने भी कहा कि 27 साल पहले कारगिल की विजय ने पूरे विश्व में भारत का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया था और उस युद्ध के अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
सम्मानित सूबेदार राम सिंह ने कारगिल से जुड़ी अपनी यादें और संघर्ष साझा करते हुए बताया कि विजय तक पहुंचने के लिए सैनिकों को अनेक कठिन परिस्थितियों और बाधाओं का सामना करना पड़ा। उन्होने सहस और समर्पण के साथ युद्ध में निभाई गई भूमिका का जिक्र करते हुए जवानों के बलिदान को सर्वोच्च मान्यता दी।
सम्मान स्वरूप हार, शाल, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ती पत्र प्रदान किए गए। ये पुरस्कार कार्यक्रम के अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, अति विशिष्ट अतिथि कर्नल के.बी. पंत तथा क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने संयुक्त रूप से प्रदान किए। कार्यक्रम के आरंभ और समापन दोनों ओर सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मानव सेवा क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सक्सेना, प्रकाश चंद्र सक्सेना, सुनील कुमार शर्मा, सुरेश बाबू मिश्रा, डी.डी. शर्मा, मुकेश सक्सेना, जितेंद्र सक्सेना, कमल भाटिया, संध्या भाटिया, डा. अतुल कुमार वर्मा, सत्येंद्र सक्सेना, ब्रजेश सक्सेना, बिपिन गर्ग, मधु सहित बड़ी संख्या में नागरिक और सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे, जिन्होंने समारोह को सफल और भावपूर्ण बनाया।






Leave a Reply