संजीव अग्रवाल ने किया अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, एमजेपीआरयू ने फाइनल में बनाई जगह

bareillylive@संजीव अग्रवाल ने किया अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ

बरेली@bareillylive:बरेली। महाराजा अग्रसेन कॉलेज में बुधवार को दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया। इस दौरान रोमांचक मुकाबलों में एमजेपीआरयू बरेली की टीम ने दास कॉलेज बदायूं को चार विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने गुब्बारे उड़ाकर और कबूतरों को मुक्त कराकर किया। इससे पहले उन्होंने अनिल कुमार अग्रवाल, महामंत्री शशि भूषण अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, गिरीश चंद्र अग्रवाल, अविनाशी लाल अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, डॉ. प्रवीन अग्रवाल, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सौरभ अग्रवाल, नीतू मेहरोत्रा और नीतू जौहरी सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला बरेली कॉलेज बरेली और दास कॉलेज बदायूं के बीच खेला गया। इसमें दास कॉलेज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरेली कॉलेज की टीम 101 रन पर सिमट गई। इस तरह दास कॉलेज ने एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की।

दूसरा मुकाबला गंगा शील महाविद्यालय और एसएस कॉलेज शाहजहांपुर के बीच खेला गया। एसएस कॉलेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। जवाब में गंगा शील महाविद्यालय की टीम महज 53 रन पर ऑलआउट हो गई। एसएस कॉलेज ने शानदार जीत हासिल की।

इसके बाद पहला सेमीफाइनल मुकाबला दास कॉलेज बदायूं और एमजेपीआरयू बरेली के बीच खेला गया। इसमें एमजेपीआरयू की टीम ने चार विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

इस अवसर पर संजीव अग्रवाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

क्रीड़ा सचिव गिरीश चंद्र अग्रवाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, बरेली कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। खिलाड़ियों को दोनों को सहर्ष स्वीकार करना चाहिए। प्राचार्य डॉ. सौरभ अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मैच में अंकित कुमार, जितेंद्र शाह और मुकेश कुमार ने अंपायर की भूमिका निभाई। माजिद खान विशेषज्ञ तथा कमलकांत वेनवाल विश्वविद्यालय निरीक्षक के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेशु जौहरी ने किया।

इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी प्रफुल्ल पाठक, क्रीड़ा समिति के सदस्य संचित कक्कड़, मयंक शर्मा, अजीत सिंह, रामलखन, चीफ प्रॉक्टर डॉ. विपुल मेहरोत्रा, डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, संजीव कुमार सक्सेना, शोभित अग्रवाल, डॉ. सुमित अग्रवाल, प्रथमेश कुमार, राकेश कुमार और रितु सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!