bareillylive@bareillynews:नेशनल एक्स‑सर्विसमेन ने 15 अगस्त पर 44वाँ स्थापना दिवस मनाने का किया निर्णय
Bareillylive : नेशनल एक्स-सर्विसमेन को-ऑर्डिनेशन कमिटी (रजिस्टर्ड), बरेली की विस्तृत कार्यकारिणी सभा शनिवार को प्रातः 10.30 बजे जिला कार्यालय भरतौल पर आयोजित की गई। बैठक का संचालन महामंत्री बृजेश कुमार तथा जिला अध्यक्ष के एस रावत ने संयुक्त रूप से किया। सभा में संगठन के आगामी कार्यक्रमों व सदस्यों से संबंधित अहम प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक के आरंभ में पूर्व निर्णय के अनुसार संगठन का 44वाँ स्थापना दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को जिला कार्यालय भरतौल पर प्रातः 10.30 बजे ध्वजा रोहण के साथ मनाए जाने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में शिष्टाचार, सम्मान समारोह तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। खासतौर पर 80 वर्ष पूर्ण कर चुके वरिष्ठ पूर्व सैनिक सदस्यों को सम्मानित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ, ताकि उनकी सेवा एवं योगदान को सम्मानित कर सकें।
सभा में आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सभी पदाधिकारियों, सदस्यों तथा इकाइयों से आर्थिक सहयोग की अपील की गई। इस अपील पर संजयनगर — दुर्गानगर इकाई ने तत्क्षण रु. 10,000 का उदार सहयोग प्रदान किया, जिसका स्वागत करते हुए अन्य इकाइयों से भी सहयोग की अपेक्षा दर्ज कराई गई।
संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए लगातार पिछले पांच वर्षों से बैठकों में अनुपस्थित तथा वार्षिक सदस्यता शुल्क का भुगतान न करने वाले सदस्यों को अंतिम चेतावनी देने का निर्णय लिया गया। ऐसे सदस्यों को 15 अगस्त तक अपनी सदस्यता शुल्क जमा कर देने और भविष्य में नियमित उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया; अन्यथा उनकी सदस्यता समाप्त मानी जाएगी और ग्रुप से हटा दिया जाएगा। इस कठोर निर्णय को 15 अगस्त को आम सभा में संवैधानिक रूप दे दिया जाएगा।
सभा में पूर्व सैनिकों एवं पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। धाराप्रवाह सुझावों व अनुभवों के साथ सर्व श्री एस. डी. कुकरेती, के. एस. रावत, सु. मे. बृजेश कुमार, जीत सिंह बोहरा, रति भान सिंह राठौर, कैप्टेन एम. एस. बिष्ट, कैप्टेन खेम सिंह बथयाल, कैप्टेन जी. एस. रावत, कैप्टेन लक्ष्मण सिंह मेहता, कैप्टेन अरुण बर्थवाल, कैप्टेन जोगेंद्र सिंह, सु. सुरज भान डागर, सु. मे. महिपाल सिंह बिष्ट, एच. सी. एल. शाह, एच. ओम प्रकाश, कमलेश्वर प्रसाद, सुरेश कुमार, दिवानी चंद व कालका प्रसाद सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
किसी अन्य प्रस्ताव न होने पर अध्यक्ष द्वारा सभा का समापन किया गया। अगले आदेशानुसार 15 अगस्त की आम सभा में पारित प्रस्तावों को औपचारिक रूप दिया जाएगा।






Leave a Reply