The Voice of Bareilly since 2010

उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

bareillylive@bareillynews:उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

बरेली। आगामी 6, 7 और 8 अगस्त को बरेली में 108वें उर्स-ए-रज़वी के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ऑल इंडिया रज़ा एक्शन कमेटी ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा, बिजली, पानी, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की।


कमेटी ने कहा कि रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से दरगाह तथा उर्स स्थलों तक जायरीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उर्स स्थलों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ निर्माणाधीन क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरती जाए। बारिश के मौसम को देखते हुए सड़कों के गड्ढे भरवाने, जलभराव रोकने और खुले या क्षतिग्रस्त सीवर मैनहोल की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई।


उर्स के तीनों दिनों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जर्जर तारों और खराब ट्रांसफॉर्मरों को दुरुस्त कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर पोर्टेबल ट्रांसफॉर्मरों की व्यवस्था रखने की मांग की गई। दरगाह और उर्स स्थलों के आसपास पेयजल, पियाऊ, हैंडपंप और पानी के टैंकरों की व्यवस्था के साथ अस्थायी शौचालय बनवाने की भी मांग रखी गई।


यातायात व्यवस्था के लिए रूट डायवर्जन प्लान पहले से जारी करने और जायरीन के वाहनों के लिए उचित दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया। जिला अस्पताल सहित बड़े अस्पतालों में अतिरिक्त बेड और स्वास्थ्य टीम तैनात करने की मांग की गई।

मथुरापुर और कांकर टोला स्थित खानकाह-ए-अमीन-ए-शरीअत में होने वाले आयोजनों को लेकर भी बिजली, पानी, सफाई, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। कमेटी ने प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!