The Voice of Bareilly since 2010

भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन

bareillylive@bareillynews:भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन

बरेली। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के प्रभारी उत्तर प्रदेश -उत्तराखंड तराई क्षेत्र एवं जिला अध्यक्ष दुर्गेश मौर्य के नेतृत्व में किसानों ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिला अधिकारी कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई।


दुर्गेश मौर्य ने कहा कि देश का किसान लगातार बढ़ती खेती की लागत, घटती आय और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

ज्ञापन में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग करते हुए कहा गया कि इससे भारतीय किसानों, कृषि क्षेत्र और देश के आर्थिक हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी।

साथ ही देश के सभी किसानों का संपूर्ण कृषि ऋण माफ कर उन्हें कर्जमुक्त करने की मांग भी उठाई गई, ताकि किसान आर्थिक बोझ से मुक्त होकर सम्मानपूर्वक खेती कर सकें।


किसान यूनियन ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार सी-2 लागत पर प्रतिशत लाभ (C2+50) के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) तय करने और एमएसपी पर खरीद की कानूनी गारंटी देने के लिए कानून बनाने की मांग की।

किसानों ने सरकार से इन सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर किसानों और आम जनता को राहत प्रदान करने की अपील की। ज्ञापन के दौरान फिरोज खान, महेश पाल गंगवार , मुनीश , दुर्गेश मौर्य आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!