The Voice of Bareilly since 2010

खाद्य उद्योगों की समस्याओं और सुझावों पर केंद्रित आई.आई.ए.–खाद्य सुरक्षा विभाग की मंथन बैठक

Bareillylive : इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (आई. आई. ए.) बरेली चैप्टर और खाद्य सुरक्षा विभाग, बरेली के बीच व्यवस्था और अनुपालन को लेकर मंथन बैठक आयोजित की गई, जिसमें उद्योगों से जुड़ी समस्याओं व सुझावों पर गहन चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य एफएसएसएआई प्रावधानों की जानकारी देना तथा खाद्य उद्योगों व विभाग के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करना था।

बैठक का शुभारंभ चैप्टर चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि खाद्य उद्योग देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देता है, इसलिए खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं बल्कि उपभोक्ता विश्वास और उद्योग की साख के लिए आवश्यक है। उन्होंने आई.आई.ए. के माध्यम से उद्योगों और शासन-प्रशासन के बीच सेतु बनाये रखने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का संचालन चैप्टर चेयरमैन एवं संयोजक एम ओ सी राजीव आनंद ने किया।

सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) संदीप चौरसिया ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाग का रुख सहयोगात्मक है और वह नियमित संवाद व जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर काम कर रहा है। डेजिग्नेटेड ऑफिसर राहुल सिंह ने एफएसएसएआई के विभिन्न प्रावधानों, लाइसेंसिंग प्रक्रिया तथा विभागीय कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला और उद्यमियों से गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। चीफ फूड सेफ्टी ऑफिसर अक्षय गोयल ने खाद्य नमूनों की जांच प्रक्रिया, सुरक्षा संबंधित सावधानियाँ और अनुपालन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।

बैठक में मौजूद उद्यमियों ने लाइसेंस व पंजीकरण, नवीनीकरण प्रक्रियाएँ, उत्पाद लेबलिंग व पैकेजिंग मानक, गुणवत्ता नियंत्रण, सैंपलिंग व निरीक्षण प्रणाली, ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी समस्याएँ, निरीक्षण में पारदर्शिता तथा विभागीय समन्वय जैसे मुद्दों को उठाया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि प्रस्तुत समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से लेकर यथासंभव त्वरित समाधान किए जाएंगे।

बी. एल. एग्रो के चेयरमैन घनश्याम खंडेलवाल ने उपभोक्ता जागरूकता की कमी पर चिंता जताते हुए व्यापक जन-जागरूकता अभियान व सेमिनार आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि आम लोगों में विभिन्न श्रेणियों के बीच अंतर स्पष्ट हो और उद्योगों के प्रति गलत धारणाएँ खत्म हों।

अंत में चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह ने सभी अधिकारियों, अतिथियों और उपस्थित उद्यमियों का धन्यवाद दिया। बैठक में लगभग 40 उद्यमियों ने भागीदारी की, जिनमें आशीष गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी, सतीश अग्रवाल, मनोज पंजाबी, संदीप हरि, तनुज भसीन सहित कई प्रमुख सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!