Bareillylive: पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर मॉडल टाउन स्थित श्री हरि मंदिर में मंगलवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह के सत्र में मंदिर के पंडित सुनील शास्त्री ने श्री हनुमान जी का विधिवत पूजन और शृंगार कराया। मंदिर में दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा और श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूर्ति के लिए बजरंगबली के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शाम के सत्र में श्री हरि संकीर्तन मंडल की ओर से भक्ति संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान भजनों की मधुर प्रस्तुति ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। पंकज ने “आज मंगलवार है…”, सचिन सेठी ने “कीजे केसरी के लाल…”, भाई सौरभ ने “राम भी मिलेंगे तुझे श्याम भी मिलेंगे…”, और जतिन दुआ ने “झूम झूम नाचे देखो भक्त हनुमान…” जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या के बाद उपस्थित सभी भक्तजनों ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया और भव्य आरती में सहभाग किया।
आरती के उपरांत शयन आरती हुई और फिर श्रद्धालुओं में भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, श्री हरि मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और आरती का आयोजन पिछले कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसमें हर आयु वर्ग के लोग उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं, विशेषकर युवाओं की सहभागिता उल्लेखनीय रहती है।
कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोड़ा, अश्विनी ओबेरॉय, गोविंद तनेजा, रंजन कुमार, हरीश लुनियाल, राजेश अरोड़ा सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। महिला मंडल ने भी अपनी टीम के साथ सक्रिय भागीदारी निभाई, जबकि युवा मंडल के सदस्यों ने प्रसाद वितरण में सेवा दी। समापन पर मंदिर अध्यक्ष सुशील अरोड़ा ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त करते हुए प्रसाद वितरण कराया।






Leave a Reply