The Voice of Bareilly since 2010

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और दहेज मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

bareillylive@bareillynews:शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और दहेज मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

आंवला, बरेली। थाना कोतवाली आंवला पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और दहेज की मांग करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुरादाबाद जिले के बिलारी क्षेत्र से दबिश देकर पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार ग्राम जसमोली थाना शहजादनगर जनपद रामपुर निवासी अनिल पुत्र भगवानदास ने एक युवती से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी और उसके परिजनों पर पीड़िता से दहेज की मांग करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर थाना आंवला में मुकदमा दर्ज किया गया था।


वांछित आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। 29 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अनिल कुमार जनपद मुरादाबाद के थाना बिलारी क्षेत्र स्थित चन्दा खरताल मण्डरा में आया हुआ है। सूचना पर आंवला पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से चन्दा खरताल स्थित मंदिर के पास से शाम 6:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनिल पुत्र भगवानदास निवासी ग्राम जसमोली थाना शहजादनगर रामपुर उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार और कांस्टेबल सुमित शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!