मेडिकल और हेल्थकेयर के क्षेत्र में भारत दुनिया को दिखा रहा दिशा : सुधांशु त्रिवेदी, बोले- मैकाले और मार्क्स की सोच से मुक्त होकर ही बनेंगे विश्वगुरु

Bareilly International University sixth convocation ceremony,

Bareilly News: बीआईयू के छठे दीक्षांत समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य ने मेडिकल क्षेत्र की प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला, जीनोम सीक्वेंसिंग, जेनेटिक इंजीनियरिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी में संभावनाएं तलाशने पर दिया जोर

बरेली@BareillyLive : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मेडिकल और हेल्थकेयर के क्षेत्र में भारत पूरी दुनिया को दिशा दिखा रहा है। इस प्रगति को बरकरार रखते हुए देश को भविष्य की तकनीकों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। उन्होंने कहा कि विश्वगुरु बनने के लिए जरूरी है कि हम मैकाले और मार्क्स की सोच से मुक्त हों और अपनी विरासत एवं संस्कृति पर भरोसा करें।

सुधांशु त्रिवेदी रविवार को बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (बीआईयू) के छठे दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मेडिकल क्षेत्र की प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भविष्य की तकनीक में अपनी ताकत बढ़ाने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग, सेल्यूलर माइक्रोबायोलॉजी, जेनेटिक इंजीनियरिंग, कंपोजिट मटेरियल, क्वांटम कंप्यूटर्स और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशनी होंगी। नए रास्ते खोजने होंगे। इन क्षेत्रों में जिसका दबदबा होगा, वही दुनिया पर राज करेगा। इसलिए देश को नई सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सदियों से हम काढ़ा पीकर बुखार उतारते रहे हैं। एक चीनी महिला को वर्ष 2015 में मॉलिक्यूलर विश्लेषण के जरिए यह साबित करने पर नोबेल पुरस्कार मिला कि पारंपरिक हर्बल दवाओं से बुखार ठीक होता है।

Bareilly International University sixth convocation ceremony,

पश्चिम की ओर देखने की मानसिकता बदलनी होगी : सुधांशु त्रिवेदी

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि हम नवरात्र के व्रत रखते हैं, लेकिन इसी विषय पर शोध करके नोबेल पुरस्कार कोई दूसरा देश ले जाता है। इसकी वजह पश्चिम की ओर देखने की हमारी आदत है। नेतृत्व करना है तो इस सोच में बदलाव लाना होगा।

उन्होंने कहा कि यदि पश्चिमी सोच हम पर हावी नहीं होती तो संभव है कि भारत 50 साल पहले ही मेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में कई नोबेल पुरस्कार हासिल कर चुका होता। वर्ष 1835 में मैकाले की शिक्षा नीति भारतीय मेधा को पश्चिम के अधीन रखने के उद्देश्य से लाई गई थी। उन्होंने कहा कि अपनी विरासत और संस्कृति पर विश्वास करके ही भारत दुनिया का नेतृत्व कर सकता है।

Bareilly International University sixth convocation ceremony,

प्रधानमंत्री मोदी के विजन से तय होगी देश की हजार साल की दशा और दिशा

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन देश को हर क्षेत्र में आगे ले जा रहा है। आने वाले समय में देश में इतने काम होने जा रहे हैं, जिनसे अगले हजार साल की दशा और दिशा तय होगी। उन्होंने भविष्य की तकनीकों और अनुसंधान के क्षेत्रों में भारत की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया।

शिक्षा कभी पूरी नहीं होती, विकास की कोई सीमा नहीं : राजेश अग्रवाल

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा कभी पूरी नहीं होती और विकास की कोई सीमा नहीं होती। बीआईयू परिवार ने इसे साबित करके दिखाया है।

Bareilly International University sixth convocation ceremony,

ड्रम बीट, शैक्षणिक शोभायात्रा और वंदे मातरम से हुआ दीक्षांत समारोह का आगाज

बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह की शुरुआत ड्रम बीट, शैक्षणिक शोभायात्रा और वंदे मातरम के गायन के साथ हुई।

इस अवसर पर कुलाधिपति डॉ. केशव कुमार अग्रवाल, प्रति कुलाधिपति डॉ. अशोक अग्रवाल, कुलपति डॉ. लता अग्रवाल, प्रति कुलपति डॉ. किरण अग्रवाल, डायरेक्टर डॉ. अर्जुन अग्रवाल, डॉ. वरुण अग्रवाल, डॉ. चीना गर्ग और डॉ. प्रज्ञा मिश्रा ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सेवा के नए प्रतिमान स्थापित करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में एमबीबीएस, एमडी, एमएस, बीडीएस, एमएससी नर्सिंग, बीपीटी और बीएमएलटी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को पदक एवं उपाधियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!