Bareillyl@bareillylive:उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, इस्लामिया मैदान का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश
उर्स-ए-रज़वी के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस्लामिया मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मंच, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, वॉच टॉवर, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संजीव मौर्य को मैदान में चल रहे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सीवर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। अधिकारियों ने लंगर स्थल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
प्रशासन ने सभी जुलूस आयोजकों से अपील की कि जुलूस में डीजे का प्रयोग न करें तथा निर्धारित मार्गों का ही पालन करें। साथ ही लंगर समितियों को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर दरगाह की ओर से ताहिर अल्वी, मंजूर रज़ा, परवेज़ नूरी, औरंगजेब नूरी एवं नईम नूरी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिख, पुलिस अधीक्षक यातायात अकमल खान सहित नगर निगम, विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।






Leave a Reply