ग्लास्गो। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। ग्लास्गो में आयोजित मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारत ने रिकॉर्ड सात स्वर्ण, चार रजत सहित कुल 11 पदक जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। भारतीय महिला मुक्केबाजों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर अभियान की अगुवाई की, जबकि पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत की सफलता को नई ऊंचाई दी।
महिला मुक्केबाजों ने दिलाए पांच स्वर्ण पदक

भारत की ओर से जैसमीन लंबोरिया (57 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरूंधति चौधरी (70 किग्रा) और प्रिया घंघास (60 किग्रा) ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
प्रीति पवार ने कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो को 5-0 से हराया, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन जैसमीन लंबोरिया ने उत्तरी आयरलैंड की माइकेला वॉल्श को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से मात दी। साक्षी चौधरी ने इंग्लैंड की रूबी वाइट को हराया, जबकि अरूंधति चौधरी ने इंग्लैंड की शेंटेले रीड को 5-0 से शिकस्त दी। प्रिया घंघास ने कनाडा की मैरी बाथोल अल अहमदिएह को 4-1 के विभाजित फैसले से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने बढ़ाया भारत का गौरव

पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच (60 किग्रा) ने नामीबिया के ट्रायागेन मॉर्निंग एनडेवेलो को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंकुश पंघाल (80 किग्रा) ने इंग्लैंड के दिमेजी शिट्टू को 4-1 के विभाजित फैसले से हराकर भारत को सातवां स्वर्ण पदक दिलाया।
लवलीना को रजत, जादूमणि और नरेंद्र भी रहे उपविजेता
ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन को महिलाओं के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एम्मा सू ग्रीनट्री से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वहीं जादूमणि सिंह (55 किग्रा) और नरेंद्र बेरवाल (90+ किग्रा) भी अपने-अपने फाइनल मुकाबले हारकर रजत पदक विजेता बने।
भारत ने तोड़ा अपना पुराना रिकॉर्ड
इससे पहले भारत ने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेल 2018 में मुक्केबाजी में तीन स्वर्ण सहित कुल सात पदक जीते थे। इस बार सात स्वर्ण और कुल 11 पदकों के साथ भारतीय मुक्केबाजों ने नया इतिहास रच दिया। ग्लास्गो के एसएसी एरेना में भारतीय खिलाड़ियों को दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला, जिसने उनके प्रदर्शन में भी अहम भूमिका निभाई।
भारत का यह प्रदर्शन आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, विशेषकर एशियाई और ओलंपिक स्तर की तैयारियों के लिए भी बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
SEO Keywords
राष्ट्रमंडल खेल 2026,Commonwealth Games 2026,भारत मुक्केबाजी,भारत ने जीते 7 स्वर्ण,सचिन सिवाच,अंकुश पंघाल,जैसमीन लंबोरिया,प्रीति पवार,लवलीना बोरगोहेन,India Boxing Commonwealth Games,Commonwealth Games Boxing Results,










Leave a Reply