The Voice of Bareilly since 2010

‘वॉक फॉर यूनिटी’ में गूंजा देशभक्ति का संदेश, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा को दिखाई हरी झंडी

Cantt MLA Sanjeev Agarwal flags off the Tiranga Yatra.

bareillylive@bareillynews:बरेली। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत अमर उजाला के ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रम के तहत डीडीपुरम स्थित शहीद चौक से बुधवार को ‘वॉक फॉर यूनिटी’ (तिरंगा यात्रा) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना और कैंट विधायक संजीव अग्रवाल शामिल हुए। अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और गौरव प्रकट करे।

तिरंगा यात्रा में शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर बैंड की धुन पर देशभक्ति के तराने गाते विद्यार्थियों ने माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। कैंट विधायक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके जोश और सहभागिता की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शहर के गणमान्य नागरिकों से आत्मीय संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का काम करते हैं।

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने ‘वॉक फॉर यूनिटी’ के सफल आयोजन के लिए अमर उजाला की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि समाज को राष्ट्रहित से जोड़ने वाले ऐसे कार्यक्रमों की निरंतर आवश्यकता है।

जय हिंद, जय भारत।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!