The Voice of Bareilly since 2010

राजकीय हाईस्कूल तालगौटिया में छात्राओं ने बनाया ‘तिरंगा राखी’, हर घर तिरंगा का संदेश

Bareillylive : आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के पावन अवसर पर आज राजकीय हाईस्कूल तालगौटिया (क्यारा) में एक रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर आकर्षक तिरंगा राखियों का निर्माण करकर शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। राखियों में केसरिया साहस, श्वेत शांति और हरित समृद्धि के रंगों को बारीकी से पिरोया गया, जिससे मातृभूमि के प्रति उनके गहरे प्रेम और समर्पण का संदेश स्पष्ट हुआ।

विद्यालय परिसर आयोजन के दौरान राष्ट्रप्रेम के रंगों से प्रभवित नजर आया। कार्यक्रम की नेतृत्वकर्ता श्रीमती राखी ने छात्राओं को राखी निर्माण में मार्गदर्शन दिया जबकि शिक्षिका पूनम सिंह, शिक्षक एम. पी. वर्मा एवं कनिष्ठ सहायक शादाब ने कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में विशेष योगदान दिया।

प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष चन्द्र मौर्या ने छात्राओं द्वारा बनाई राखियों का अवलोकन किया और उनकी लगन, रचनात्मकता तथा देशभक्ति की भावना की खुले दिल से प्रशंसा की।

प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम के अवसर पर कहा कि छात्राओं का यह प्रयास आजादी के अमृत महोत्सव की मूल भावना को साकार करने की दिशा में प्रेरणादायी योगदान है।

उन्होंने कहा कि इन राखियों में बंधा प्रत्येक धागा स्नेह, समर्पण और मातृभूमि के प्रति सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ के संदेश को व्यापक रूप से फैलाने और तिरंगे की आन-बान-शान को बनाए रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!