The Voice of Bareilly since 2010

300 बेड अस्पताल में आईपीएचएल लैब का उद्घाटन, मरीजों को मिलेंगी सुलभ और गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं

300 बेड अस्पताल आईपीएचएल लैब

bareillylive@bareillynews:कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने अत्याधुनिक लैब का किया शुभारंभ, कम समय में मिलेंगी सटीक जांच रिपोर्ट

बरेली, 22 अगस्त। खुर्रम गौटिया स्थित 300 बेड मंडलीय अस्पताल में शनिवार को नवनिर्मित अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (आईपीएचएल) का उद्घाटन कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया। उन्होंने लैब को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि इसके शुरू होने से मरीजों को सामान्य से लेकर गंभीर रक्त संबंधी जांचों की सुविधा अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेगी।

विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अत्याधुनिक आईपीएचएल लैब के माध्यम से मरीजों को कम समय में सटीक जांच रिपोर्ट मिल सकेगी। इससे चिकित्सकों को बीमारी की सही पहचान कर समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को सस्ती और विश्वसनीय जांच सुविधा उपलब्ध कराने में यह लैब महत्वपूर्ण साबित होगी।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में लगातार किए जा रहे सुधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ विकसित प्रदेश की सोच का परिणाम हैं। आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अब आम लोगों तक पहुंच रहा है।

आधुनिक मशीनों की कार्यप्रणाली समझी

उद्घाटन के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने विधायक को आईपीएचएल लैब का भ्रमण कराया। उन्होंने लैब में स्थापित आधुनिक मशीनों, हेमेटोलॉजी एनालाइजर और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नई व्यवस्था से विभिन्न जांचों की गुणवत्ता और रिपोर्ट मिलने की प्रक्रिया में सुधार होगा।

इस दौरान अस्पताल के सीएमएस डॉ. इंतजार हुसैन, आईपीएचएल लैब के नोडल अधिकारी डॉ. अमित दिनकर समेत चिकित्सक और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने विधायक का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!