शीशगढ़ पुलिस ने रामपुर के कैमरी थाना क्षेत्र से सकुशल किया बरामद, परिजनों ने जताया आभार
बरेली@bareillylive:बरेली/शीशगढ़। घर से नाराज होकर लापता हुए मानपुर गांव निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति को शीशगढ़ पुलिस ने पांच दिन बाद रामपुर जिले से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पांच दिन से परेशान परिजनों ने सकुशल वापसी पर राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी राजेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके पिता इंद्रपाल (52) बीते 22 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गए थे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
मानपुर चौकी प्रभारी ने तलाश कर लगाया सुराग
तहरीर मिलने पर शीशगढ़ पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर इंद्रपाल की तलाश शुरू कर दी। मानपुर चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई और सुरागरसी के आधार पर उनकी तलाश जारी रखी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इंद्रपाल रामपुर जिले में मौजूद हैं। जानकारी की पुष्टि करने पर पता चला कि वह रामपुर के कैमरी थाना क्षेत्र के गांव खानपुर में अपने तहेरे भाई के घर ठहरे हुए हैं।
इसके बाद पुलिस टीम ने खानपुर पहुंचकर इंद्रपाल को सकुशल बरामद कर लिया। मंगलवार को पुलिस उन्हें शीशगढ़ लेकर आई और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पांच दिन बाद इंद्रपाल के सकुशल घर लौटने से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने मानपुर चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह और शीशगढ़ पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।


Leave a Reply