The Voice of Bareilly since 2010

प्रेम विवाह के बाद युवती ने मांगी पुलिस सुरक्षा, परिजनों पर धमकी देने का आरोप

प्रेम विवाह के बाद युवती ने मांगी पुलिस सुरक्षा

bareillylive@बरेलीन्यूज:डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की गुहार, युवती ने कहा- अपनी मर्जी से लिया फैसला

बरेली। प्रेम विवाह के बाद एक युवती ने परिजनों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती और उसके साथी ने डीआईजी बरेली को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ युवती के विधिक बयान दर्ज कराने और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के मुताबिक, शाहमतगंज के बासमंडी निवासी सानिया और समीर कुमार ने एक-दूसरे को लंबे समय से जानने और प्रेम संबंध होने की बात कही है। दोनों ने सजातीय होने का उल्लेख करते हुए अपनी इच्छा से धार्मिक रीति से विवाह करने की बात कही है। उनके मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को विधिक विवाह की प्रक्रिया पूरी की गई।

सानिया का कहना है कि वह और समीर कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों एक ही मोहल्ले में रहते हैं और सोशल मीडिया व मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए भी लगातार संपर्क में रहे हैं। युवती के अनुसार, उसने अपनी इच्छा से समीर के साथ विवाह का फैसला लिया है। इस निर्णय में उस पर किसी तरह का दबाव नहीं है।

मां, चाचा और भाई पर धमकी देने का आरोप

सानिया ने आरोप लगाया कि उसके विवाह के फैसले से परिवार के कुछ लोग नाराज हैं। आरोप है कि उसकी मां, चाचा और भाई की ओर से उसे और समीर को धमकियां दी जा रही हैं। युवती ने आशंका जताई है कि उसे नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इसी वजह से दोनों ने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की है।

वहीं समीर कुमार ने बताया कि वह आजम नगर का रहने वाला है और उसके पिता का नाम रामू है। उसके मुताबिक, सानिया और वह कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और दोनों के बीच प्रेम संबंध है। उसने दावा किया कि उसके परिवार को इस रिश्ते से कोई आपत्ति नहीं है, जबकि सानिया के परिजन शादी के खिलाफ हैं। समीर ने भी सानिया के अपनी इच्छा और सहमति से उसके साथ होने की बात कही।

दोनों ने डीआईजी को दिए प्रार्थना पत्र में सुरक्षा उपलब्ध कराने, सानिया के विधिक बयान दर्ज कराने और पूरे मामले में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब पुलिस मामले की जांच के बाद क्या कदम उठाती है, इस पर सभी की नजर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!