The Voice of Bareilly since 2010

नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान को मिला जनसमर्थन, एक हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान को मिला जनसमर्थन, एक हजार से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

bareillylive@bareillynews:पर्यावरण मंत्री ने किया पौधरोपण अभियान का शुभारंभ, हजारों पौधे रोपे गए; धोपेश्वर मंदिर के पीछे नदी तट पर चला सफाई अभियान

बरेली। नकटिया नदी को पुनर्जीवित करने की मुहिम को रविवार को उस समय बड़ी ताकत मिली, जब बरेली कैंट में आयोजित पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोग जुटे। अभियान के दौरान हजारों पौधे लगाए गए। साथ ही नकटिया नदी और उसके किनारों से प्लास्टिक व ठोस कचरा हटाकर सफाई की गई।

कार्यक्रम का नेतृत्व बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन ने किया। ट्रेंचिंग ग्राउंड से शुरू हुए कार्यक्रम में पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने पर्यावरणीय गतिविधियों का शुभारंभ किया और पौधरोपण अभियान में हिस्सा लिया। अभियान का उद्देश्य बरेली कैंट क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है।

नदी किनारे हटाया प्लास्टिक और कचरा

कार्यक्रम के दूसरे चरण में धोपेश्वर मंदिर के पीछे नकटिया नदी के तट पर सफाई अभियान चलाया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, कर्मचारियों और नागरिकों ने भाग लिया। नदी और उसके आसपास जमा प्लास्टिक, ठोस कचरे और अन्य प्रदूषकों को हटाया गया।

अभियान में सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी रही। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण और नदियों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक भी किया गया।

सिर्फ सफाई नहीं, पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को संवारने की तैयारी

नकटिया नदी पुनर्जीवन मिशन के तहत नदी की सफाई को एक दिन के अभियान तक सीमित नहीं रखा जाएगा। मिशन में नियमित सफाई के साथ देशज प्रजातियों के पौधरोपण, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, वैज्ञानिक सर्वेक्षण और नियोजन तथा पारिस्थितिकीय हस्तक्षेप पर जोर दिया जा रहा है।

डॉ. तनु जैन ने कहा कि नकटिया नदी को पुनर्जीवित करने का उद्देश्य केवल नदी की सफाई करना नहीं, बल्कि उसके पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को बहाल करना है। आने वाले महीनों में विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा।

जनभागीदारी से मिलेगी अभियान को मजबूती

कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों की मौजूदगी और हजारों पौधों के रोपण को नकटिया नदी पुनर्जीवन अभियान के लिए अहम पड़ाव माना जा रहा है। अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि नदी संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है।

मिशन का लक्ष्य नकटिया नदी को स्वच्छ, निर्मल, हरी-भरी और जीवंत नदी के रूप में विकसित करना है। साथ ही बरेली कैंट में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का स्थायी एवं अनुकरणीय मॉडल तैयार करना भी अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!