Bareillylive: सावन की पावनता के बीच कुं. बृज मोहन लाल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर नेकपुर बरेली में आज दर्शनीय और भव्य बाल कावड़ यात्रा निकाली गई। विद्यालय के नन्हे-नन्हे छात्रों ने महादेव-भक्ति की मनोहारी झांकियों और पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया, जिससे चारों ओर हर-हर महादेव के नारे गूंज उठे।
यात्रा मार्ग पर स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर बच्चों का हृदयपूर्वक स्वागत किया। मार्ग में तालियाँ और उत्साहवर्धक जयघोष चलते रहे, जिससे आयोजन और भी रंगीन दिखाई पड़ा। शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यालय संरक्षिका श्रीमती रेनू पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि पटेल और श्री प्रशान्त पटेल ने बच्चों को हौसला दिया और कार्यक्रम की सराहना की।
यात्रा में प्रस्तुत की गई महादेव व देवी पार्वती की सौम्य झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यालय प्रवंधक डॉ. राजीव सक्सेना ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में सनातन धर्म के प्रति आस्था और सांस्कृतिक चेतना बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को सामाजिक चेतना के केन्द्र रूप में विकसित करने के लिए समय-समय पर सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम कराए जाते हैं, ताकि बच्चे अपनी गौरवशाली परंपराओं से परिचित हों। सहव्यवस्थापक श्री राजीब गुप्ता ने भी कहा कि भारत उत्सव प्रधान देश है और भावी पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ा जाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के आयोजन व व्यवस्थापन में सुधीर जी, दिनेश त्रिपाठी, संजीव अवस्थी, आयुष, विपिन कश्यप, रामानंद शर्मा, सुधा, अंशु, शिल्पी, कीर्ति आदि का विशेष योगदान रहा। यात्रा के समापन पर प्रधानाचार्य श्री ओमकार गंगबार ने सभी उपस्थितों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भारी संख्या में अभिभावक और स्थानीय जनसमुदाय भी उपस्थित रहे।






Leave a Reply