The Voice of Bareilly since 2010

रिद्धिमा में डॉ. चंद्रशेखर फणसलकर लिखित एवं अमूल सागर निर्देशित नाटक ‘टैक्स फ्री’ का मंचन

रिद्धिमा में डॉ. चंद्रशेखर फणसलकर लिखित एवं अमूल सागर निर्देशित

Bareillylive : एसआरएमएस रिद्धिमा के प्रेक्षागृह में रविवार (23 अगस्त 2026) शाम डॉ. चंद्रशेखर फणसलकर लिखित और अमूल सागर निर्देशित नाटक ‘टैक्स फ्री’ का मंचन हुआ।

चार दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन, उनके संघर्ष, संवेदनाओं और हास्य से भरपूर दृष्टिकोण को इस नाटक के माध्यम से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। ‘ब्लाइंड मेन्स क्लब’ की रोचक घटनाओं के माध्यम से नाटक ने यह संदेश दिया कि जीवन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद हँसी, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास ही वास्तविक शक्ति हैं। प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने कई दृश्यों पर खुलकर ठहाके लगाए, वहीं भावनात्मक क्षणों ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। नाटक ने दिव्यांगजनों को सहानुभूति नहीं, बल्कि समानता, सम्मान और अपनापन मिलना चाहिए का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

नाटक की कहानी चार दृष्टिहीन व्यक्तियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी शारीरिक सीमाओं को अपनी कमजोरी नहीं बनने देते। वे अपने जीवन को हँसी, मित्रता और आत्मविश्वास के साथ जीने का प्रयास करते हैं। उनके संवाद, हास्यपूर्ण परिस्थितियाँ और आपसी रिश्ते दर्शकों को भरपूर मनोरंजन के साथ जीवन का गहरा दर्शन भी कराते हैं।

नाटक “टैक्स फ्री” यह संदेश देता है कि जीवन का सबसे बड़ा आनंद परिस्थितियों में नहीं, बल्कि उन्हें स्वीकार कर मुस्कुराते हुए आगे बढ़ने में है। नाटक यह भी बताता है कि वास्तविक अंधापन आँखों का नहीं, बल्कि संवेदनहीन सोच का होता है। नाटक में नितिन ने केंजले मास्टर का चरित्र निभाया, प्रियांश ने सदाशिव काले, रजत कुमार ने पंढरपुर, संजीव ने राहु जगताप की भूमिका निभाई। प्रकाश संयोजन की जिम्मेदारी अमूल सागर ने और बैक स्टेज की जिम्मेदारी जतिन जैन ने निभाई।

इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति जी, आशा मूर्ति जी, आदित्य मूर्ति जी, ऋचा मूर्ति जी, देविशा मूर्ति जी, उषा गुप्ता, सुभाष मेहरा, डा.एमएस बुटोला, डा.प्रभाकर गुप्ता, डा.अनुज कुमार, डा.रीता शर्मा सहित शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!