bareillylive@bareillynews:तीन प्रमुख चौराहों का होगा कायाकल्प, जाम से राहत के साथ यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
बरेली। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास को नई गति देने के लिए पीलीभीत बाईपास रोड को छह लेन करने की तैयारी है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की ओर से सड़क के चौड़ीकरण के साथ ही इसके प्रमुख चौराहों के पुनर्विकास की योजना बनाई जा रही है। पूरी सड़क को बरेली की नाथ नगरी की पहचान से जोड़ते हुए नाथ थीम पर विकसित किया जाएगा।
इस योजना के तहत विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, बनखंडी नाथ चौराहा और सौ फुटा तिराहा का कायाकल्प किया जाएगा। मंगलवार को बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और तकनीकी टीम के साथ पीलीभीत बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया।
यातायात दबाव और जाम के बिंदुओं का किया अध्ययन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तीनों प्रमुख चौराहों पर यातायात दबाव, वाहनों की आवाजाही, जाम की स्थिति और सड़क की उपलब्ध चौड़ाई का जायजा लिया। छह लेन चौड़ीकरण के बाद यातायात को व्यवस्थित करने और जाम वाले स्थानों को कम करने के उपायों पर भी मंथन किया गया।
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, चौराहों के विकास में सिर्फ सौंदर्यीकरण पर जोर नहीं होगा। यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर इनका पुनर्विकास किया जाएगा।
नाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित होगा मार्ग
पीलीभीत बाईपास को नाथ कॉरिडोर और बरेली की नाथ नगरी की पहचान से जोड़ने के लिए पूरी सड़क को एक समान थीम पर विकसित करने की योजना है। मार्ग पर नाथ थीम आधारित प्रकाश व्यवस्था, फोकस दीवारें, प्रतीकात्मक स्थापत्य और आइकॉनिक एलिमेंट लगाए जाएंगे।
प्रमुख चौराहों को भी उनकी यातायात जरूरत और स्थान के अनुरूप अलग पहचान देने की तैयारी है। सौ फुटा तिराहे पर प्रस्तावित फोकस दीवार के माध्यम से नाथ कॉरिडोर के साथ बीडीए की प्रमुख विकास योजनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
विकास के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
छह लेन चौड़ीकरण, बेहतर यातायात प्रबंधन, सुरक्षित चौराहों और नाथ थीम आधारित सौंदर्यीकरण को एक साथ जोड़कर पीलीभीत बाईपास को शहर के प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित करने की योजना है। इससे जहां शहर में यातायात व्यवस्था सुधरेगी, वहीं बरेली की धार्मिक और पर्यटन पहचान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के नाथ कॉरिडोर के विजन को आगे बढ़ाते हुए पीलीभीत बाईपास के चौड़ीकरण को शहर के समग्र विकास से जोड़ा जा रहा है। जनता की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता है। छह लेन चौड़ीकरण के साथ प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारकर जाम से राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नाथ थीम के अनुरूप सड़क को विकसित कर इसे बरेली की विशिष्ट पहचान बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।






Leave a Reply