The Voice of Bareilly since 2010

कलेक्ट्रेट के बाहर दंपती ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिसकर्मियों ने बचाया

कलेक्ट्रेट के बाहर दंपती ने किया आत्मदाह का प्रयास

bareillylive@bareillynews:बरेली। जमीन संबंधी विवाद से परेशान एक दंपती ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के बाहर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और होमगार्डों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दंपती को काबू कर लिया और उनके हाथ से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल छीन ली। पुलिसकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। घटना में बचाव के दौरान एक पुलिसकर्मी की उंगली में चोट भी आई।

मामला बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर बिचपुरी गांव का है। गांव निवासी नरेश पाल सिंह अपनी पत्नी शकुंतला के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दंपती ने मुख्यमंत्री के पोस्टर के नीचे अपनी समस्या लिखकर बताई। इसके बाद कथित तौर पर दोनों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।

दंपती की इस हरकत को देखते ही कलेक्ट्रेट की सुरक्षा में तैनात एलआईयू के अमित कुमार, इंटेलिजेंस के ओमपाल सिंह, मुख्य आरक्षी कुसुम और होमगार्ड संदीप मिश्रा, राजपाल, पप्पू लाल, यादराम व धीरेंद्र पाल सिंह ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। सभी ने दंपती को पकड़कर उनके हाथ से ज्वलनशील पदार्थ की बोतल छीन ली।

बचाव के दौरान इंटेलिजेंस के उपनिरीक्षक ओमपाल सिंह की उंगली में चोट लग गई। वहीं, होमगार्ड संदीप मिश्रा के ऊपर भी बोतल से तेल के छींटे पड़ गए। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों और होमगार्डों ने तत्परता नहीं छोड़ी और दोनों को सुरक्षित काबू में कर लिया। बाद में दंपती को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

जमीन विवाद को लेकर परेशान होने का आरोप

पूछताछ में नरेश पाल ने जमीन विवाद के चलते परेशान होने की बात कही। उनका आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए वह लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं होने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गए थे। पुलिस अब दंपती की शिकायत और जमीन विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

डीएम ने आठ पुलिसकर्मियों और होमगार्डों को किया सम्मानित

घटना के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने दंपती को बचाने में तत्परता दिखाने वाले आठ पुलिसकर्मियों और होमगार्डों की सराहना की। डीएम ने अमित कुमार एलआईयू, ओमपाल सिंह इंटेलिजेंस, मुख्य आरक्षी कुसुम, होमगार्ड संदीप मिश्रा, राजपाल, पप्पू लाल, यादराम और धीरेंद्र पाल सिंह को 2,500-2,500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि कलेक्ट्रेट के बाहर हुई घटना के संबंध में कोतवाली पुलिस दंपती से पूछताछ कर रही है। जमीन विवाद से जुड़े तथ्यों और दंपती की शिकायत की जांच की जा रही है।

कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील परिसर के बाहर ज्वलनशील पदार्थ लेकर पहुंचने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, पुलिस और होमगार्डों की समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!