स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने डीएम को बांधी राखी, मजबूत हुआ भाई -बहन का रिशत
bareillylive@bareillynews:बरेली, 27 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर स्वयं सहायता समूह (एनआरएलएम) से जुड़ी महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह को राखी बांधी। दीदियों ने जिलाधिकारी के प्रति स्नेह और आत्मीयता जताते हुए उनके दीर्घायु और कुशल नेतृत्व की कामना की। इस दौरान भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ ही महिला सशक्तीकरण और सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया गया।
कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित इस आत्मीय मुलाकात के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधी और रक्षाबंधन की परंपरा को प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास के रिश्ते से जोड़ा। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी दीदियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिलाओं के इस स्नेह के लिए उनका आभार भी जताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन महज एक त्योहार नहीं, बल्कि विश्वास, सहयोग, सुरक्षा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। उनका आर्थिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनना न केवल उनके परिवारों, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। समूहों के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं और परिवार के साथ-साथ समाज के विकास में भी योगदान दे रही हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन महिला सशक्तीकरण, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रक्षाबंधन के मौके पर हुई यह भावपूर्ण मुलाकात प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और अपनत्व के रिश्ते को और मजबूत करने वाली रही। स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने भी इसे सम्मान और आत्मीयता का अवसर बताते हुए महिला सशक्तीकरण के संकल्प को दोहराया।






Leave a Reply