bareillylive@bareillynews:बरेली। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर रविवार को यूनाइटेड फोरम के आह्वान पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर व्यापक अभियान चलाया। सुबह सात बजे शुरू हुए इस देशव्यापी अभियान में बड़ी संख्या में बैंककर्मियों ने भागीदारी की। अभियान से जुड़े हैशटैग ने कुछ समय के लिए वैश्विक स्तर पर नंबर-1 ट्रेंड किया, जबकि दोपहर एक बजे के बाद भी यह दूसरे स्थान पर बना रहा।
बरेली में भी यूनाइटेड फोरम के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए। बैंककर्मियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी लंबित मांगों को सरकार और आम लोगों तक पहुंचाया और आंदोलन के प्रति समर्थन जुटाने की अपील की।
यूनाइटेड फोरम के संयोजक नवीन्द्र कुमार ने बताया कि अभियान देशभर में चलाया गया, जिसमें बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि बैंककर्मी अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
फोरम के अध्यक्ष एवं यूनियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के महामंत्री पी.के. माहेश्वरी ने कहा कि बैंककर्मियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पीएलआई की विसंगतियां दूर करना और पेंशन अपडेशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर बैंक अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह एकजुट हैं।
उन्होंने बताया कि आंदोलन का अगला बड़ा चरण 11 सितंबर को प्रस्तावित अखिल भारतीय बैंक हड़ताल है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी अपनी जायज मांगों के समाधान तक संघर्ष जारी रखेंगे।
सोशल मीडिया अभियान को सफल बनाने में रश्मि शर्मा, संतोष तिवारी, अश्वनी कुमार, महेंद्र यादव, शैलेंद्र कश्यप, बी.डी. सिंह, विकास कुमार, आशीष शुक्ला, भूपेन्द्र कुमार, चरण सिंह यादव, ओ.पी. बढ़ेरा, प्रवीण राठौर, अमित कुमार और पूजा जोशी समेत अन्य पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।






Leave a Reply