bareillylive@bareillynews:बरेली। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव सुनौर के पास शनिवार को कैलाश-पनघेली नदी में नहाने गए तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने नदी में छलांग लगाकर दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 13 वर्षीय शिवांशु नदी में लापता हो गया। रविवार को उसका शव बरामद किया गया।
परिजनों के मुताबिक, हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव निरंदापुर निवासी 13 वर्षीय शिवांशु पुत्र ब्रजनंदन, गांव सुनौर निवासी 14 वर्षीय सुभाष पुत्र पूरनलाल और भुता थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया जगरूप निवासी 9 वर्षीय रामवीर पुत्र राजकुमार शनिवार को कैलाश-पनघेली नदी में नहाने गए थे।
नहाते समय तीनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सुभाष और रामवीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन शिवांशु गहरे पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाफिजगंज पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से शिवांशु की तलाश के लिए कई घंटे तक अभियान चलाया गया, लेकिन शनिवार को उसका कोई पता नहीं चल सका। रविवार को तलाशी अभियान के दौरान शिवांशु का शव नदी से बरामद हुआ।
बताया जा रहा है कि सुभाष के घर रक्षाबंधन के अवसर पर दोनों बच्चे मेहमान के तौर पर आए हुए थे। रक्षाबंधन के पर्व के बाद हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शिवांशु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






Leave a Reply