The Voice of Bareilly since 2010

एच1एन1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिले में पांच मरीज चिन्हित

एच1एन1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिले में पांच मरीज चिन्हित

एच1एन1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, बरेली में एक समेत जिले से जुड़े पांच मरीज चिन्हित

bareillylive@bareillynews:बरेली। इन्फ्लुएंजा ए (एच1एन1) की रोकथाम, समय पर पहचान और उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि जनपद में वर्तमान में एच1एन1 के पांच मरीज चिन्हित हैं। इनमें एक मरीज लखनऊ, तीन नोएडा और एक बरेली का है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार, जुकाम, गले में खराश, खांसी या फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सक से सलाह लें।

गंभीर मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि लक्षण वाले मरीजों को उनकी स्थिति की गंभीरता के आधार पर चिन्हित कर उपचार दिया जाएगा। सामान्य लक्षण वाले मरीजों को घर पर देखभाल की सलाह दी जाएगी, जबकि गंभीर अथवा हाई रिस्क मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।

सांस लेने में तकलीफ, ऑक्सीजन की कमी, लगातार तेज बुखार या स्वास्थ्य बिगड़ने की स्थिति में तत्काल जांच और उपचार की व्यवस्था की जाएगी। गंभीर या संदिग्ध मामलों में चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार ओसेल्टामिविर से उपचार किया जाएगा।

जिला अस्पताल में छह बेड आरक्षित

जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरसी दीक्षित ने बताया कि गंभीर मरीजों के उपचार के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की सुविधा वाले छह बेड आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से एच1एन1 को लेकर घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है।

ऐसे फैलता है एच1एन1 संक्रमण

डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि एच1एन1 इन्फ्लुएंजा वायरस का एक प्रकार है, जो मुख्य रूप से श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है। संक्रमण के लक्षण आमतौर पर दो से तीन दिन में दिखाई दे सकते हैं। संक्रमित व्यक्ति की खांसी और छींक से निकलने वाली बूंदों तथा दूषित सतहों के संपर्क में आने से संक्रमण फैल सकता है।

स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील

  • मास्क का इस्तेमाल करें।
  • भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
  • हाथों की नियमित सफाई रखें।
  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकें।
  • फ्लू जैसे लक्षण होने पर चिकित्सक से सलाह लें।
  • डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक या अन्य दवाएं न लें।
  • एच1एन1 से संबंधित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!