The Voice of Bareilly since 2010

ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर हर्षोल्लास से मनाया गया काकोरी स्टेशन महोत्सव

ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर हर्षोल्लास से मनाया गया काकोरी स्टेशन महोत्सव

bareillylive@breillynews:स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, मेधावी विद्यार्थियों और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों का हुआ सम्मान

बरेली/मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल के ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार, 31 अगस्त 2026 को काकोरी स्टेशन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, मेधावी छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और तिरंगा फ्लैग मार्च के जरिए काकोरी ट्रेन एक्शन की ऐतिहासिक स्मृतियों को जीवंत किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक रूप से वंदे मातरम् के गायन से हुई। इसके बाद विशिष्ट अतिथियों पद्मश्री कलीमुल्लाह, अमर शहीद अशफाक उल्ला खां के प्रपौत्र अफाक उल्ला खां तथा महान क्रांतिकारी सचिन्द्र नाथ बख्शी की पौत्री मीता बख्शी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्त रेलकर्मियों का भी सम्मान

महोत्सव में रेलवे को लंबे समय तक सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ए.के. सिंह, ओ.पी. मिश्रा, सतीश श्रीवास्तव, राजपाल सिंह और हैदर अली को भी सम्मानित किया गया। उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।

मुरादाबाद मंडल की सांस्कृतिक टीम ने वंदे मातरम् का गायन प्रस्तुत किया। इसके बाद आरपीएफ के जवानों और उपस्थित लोगों ने तिरंगा फ्लैग मार्च निकाला। कार्यक्रम के दौरान तिरंगे रंग के गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।

संग्रहालय में दिखीं काकोरी ट्रेन एक्शन की यादें

कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने स्टेशन परिसर में स्थापित संग्रहालय का भी अवलोकन किया। संग्रहालय में काकोरी ट्रेन एक्शन और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को प्रदर्शित किया गया है। इस दौरान क्रांतिकारियों के साहस और बलिदान से जुड़ी यादों को करीब से जानने का अवसर मिला।

उत्तर माध्यमिक विद्यालय, अमेठिया सलेमपुर के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। छात्रा सुधी आराध्या बाजपेई ने ऐ मेरे वतन के लोगों गीत प्रस्तुत कर माहौल को भावुक कर दिया।

ड्राइंग प्रतियोगिता के विजेता हुए पुरस्कृत

स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों की मौजूदगी में केक काटकर कार्यक्रम को यादगार बनाया गया।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने अपने सेवाकाल से जुड़े संस्मरण भी साझा किए। अपर मंडल रेल प्रबंधक परितोष गौतम ने कहा कि काकोरी की धरती साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ गाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक विपिन शर्मा ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

काकोरी स्टेशन महोत्सव ने एक बार फिर काकोरी रेलवे स्टेशन के ऐतिहासिक महत्व और अमर क्रांतिकारियों के त्याग एवं बलिदान की स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!