bareillylive@bareillynews:जिला नोडल डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य ने किया उन्मुखीकरण, पांच बाल वैज्ञानिकों के आइडिया का चयन
बरेली। जनपद में पहली बार इंस्पायर अवार्ड मानक कार्यक्रम के तहत आइडिया बॉक्स से विद्यार्थियों के नवाचारों का चयन किया गया। विकासखंड भदपुरा के उच्च प्राथमिक विद्यालय कटैया बलदेव में जिला नोडल डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य ने इंस्पायर अवार्ड मानक को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों का उन्मुखीकरण किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सुभाष चंद्र मौर्य ने इंस्पायर अवार्ड मानक के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं से पांच-पांच आइडिया पोर्टल पर सबमिट किए जाते हैं। चयनित आइडिया को मूर्त रूप देने के लिए जिला स्तर पर 10 हजार रुपये और प्रदेश स्तर पर 50 हजार रुपये की धनराशि विद्यार्थियों के खाते में भेजी जाती है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के आइडिया समाज के लिए उपयोगी, पर्यावरण के अनुकूल और विशिष्ट यानी यूनिक होने चाहिए। इसके लिए प्रत्येक उच्च प्राथमिक विद्यालय में आइडिया बॉक्स तैयार कर बच्चों को अपने नवाचार उसमें डालने के लिए प्रेरित किया जाता है। इसके बाद मेंटर द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर पांच सर्वश्रेष्ठ आइडिया का चयन कर उन्हें पोर्टल पर अपलोड किया जाता है।
पांच बाल वैज्ञानिकों के आइडिया का चयन
इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय कटैया बलदेव में बाल वैज्ञानिकों ने अपने आइडिया आइडिया बॉक्स में प्रस्तुत किए। इसके बाद विकासखंड भदपुरा के एआरपी डॉ. विवेक सक्सेना और डॉ. मधुरेश दीक्षित के नेतृत्व में तथा मेंटर ममता गंगवार के मार्गदर्शन में पांच सर्वश्रेष्ठ आइडिया का चयन किया गया।
चयनित आइडिया दीपक शर्मा, सुमित शर्मा, मधु, गीता और मोहिनी द्वारा प्रस्तुत किए गए। इन सभी आइडिया को इंस्पायर अवार्ड मानक के लिए पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भविष्य के बाल वैज्ञानिकों की सोच को दर्शाते हुए विभिन्न नवीन और उपयोगी नवाचार प्रस्तुत किए। अधिकारियों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी वैज्ञानिक सोच और नवाचार के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शीला देवी ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।






Leave a Reply