The Voice of Bareilly since 2010

ब्रह्माकुमारी का नशा मुक्ति जागरूकता अभियान: 900 बच्चों ने अपनाया स्वस्थ जीवन संकल्प

ब्रह्माकुमारी का नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

Bareillylive: युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ और संस्कारवान समाज का निर्माण करने के उद्देश्य से ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा चलाए जा रहे “10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान” के तहत Smt. G.D. Memorial Public School में विशेष नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 900 छात्र-छात्राओं ने एक साथ नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा ली, जिससे कार्यक्रम का वातावरण संकल्प और उत्साह से भर गया।

कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से बीके रजनी, बीके संदीप, बीके नीतू व बीके बन्धुराम ने बच्चों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। वक्ताओं ने समझाया कि नशा न केवल व्यक्ति की शारीरिक स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को प्रभावित करता है, बल्कि इसका नकारात्मक प्रभाव परिवार व समाज पर भी पड़ता है। विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, अच्छे संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर भी जोर दिया गया।

वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों व परिवार वालों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी का संकल्प पूरे परिवार और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और स्टाफ भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की तथा विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर में एकसाथ लिया गया नशामुक्त संकल्प न सिर्फ़ प्रतीकात्मक था बल्कि यह इस बात का भी संदेश था कि युवा वर्ग बदलात को स्वीकार करने तथा स्वस्थ विकल्प चुनने में सक्षम है। ब्रह्माकुमारी संस्था का यह महाअभियान समाज में व्यापक जनजागृति पैदा करने तथा विशेषकर युवाओं को नशे की बुराई से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति संवेदनशील बनाना और नशामुक्त, स्वस्थ, खुशहाल व संस्कारवान समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!