@Bareillylive: जमुना प्रसाद मेमोरियल कालेज, भैरपुरा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और पिछले वर्ष के टॉपर्स को सम्मानित करने हेतु “उमंग प्रतिभा उत्सव एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के अध्यक्ष श्री योगेश पटेल, मैनेजिंग डायरेक्टर श्री वैभव पटेल, डायरेक्टर डॉ. मनोज काण्डपाल, और विशेष अतिथि प्रो. नीलिमा गुप्ता, पूर्व कुलपति, छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर सहित संकाय एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम माँ सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से आरम्भ हुआ।
मुख्य अतिथि प्रो. नीलिमा गुप्ता ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण काल है। उन्होंने अनुशासन, सकारात्मक सोच, नियमित परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण पर जोर देते हुए छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक व अन्य अवसरों का पूरा लाभ उठाकर सर्वांगीण विकास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकगण और संस्थान प्रबंधन सदैव विद्यार्थियों के साथ हैं और उनके समग्र विकास के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
अध्यक्ष योगेश पटेल ने टॉपर्स को संस्थान का गौरव बताते हुए विश्वविद्यालय की टॉपर प्रतीक्षा गंगवार को एमएससी फूड एंड न्यूट्रिशन में 91% अंक प्राप्त करने पर 21,000 रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही 51 साइंस ग्रुप्स के टॉपर्स को कुल मिलाकर 2,75,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए कॉलेज हमेशा खुला है और जीपीएम कॉलेज उनके उच्च शिक्षा के मार्ग को सुलभ बनाने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
डायरेक्टर डॉ. मनोज काण्डपाल ने कहा कि महाविद्यालय केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य और व्यावहारिक ज्ञान भी प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हर अवसर को सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उपयोग करें तथा स्पष्ट लक्ष्य बनाकर नियमित अध्ययन करें।
एमडी आर्किटेक्ट वैभव पटेल ने उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद करते हुए टॉपर्स एवं सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और बाकी छात्र-छात्राओं को प्रेरित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
ओरिएंटेशन सत्र में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन और विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे छात्रों में उत्साह व आत्मविश्वास देखने को मिला। कार्यक्रम समापन पर अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।






Leave a Reply